डीग रेलवे स्टेशन पर महाराजा सूरजमल की भव्य प्रतिमा लगाने की मांग, पूर्व जिला उपाध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन
डीग रेलवे स्टेशन पर महाराजा सूरजमल जी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठी है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा ने उत्तर मध्य रेलवे, आगरा के डीआरएम के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा के साथ ऐतिहासिक योगदान दर्शाने वाला शिलालेख लगाने का आग्रह किया।
डीग रेलवे स्टेशन पर महाराजा सूरजमल की प्रतिमा स्थापित करने का ज्ञापन सौंपते गिरीश शर्मा।
डीग रेलवे स्टेशन पर महाराजा सूरजमल जी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा ने इस संबंध में उत्तर मध्य रेलवे, आगरा के डीआरएम के नाम स्टेशन मास्टर डीग को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने रेलवे स्टेशन पर महाराजा सूरजमल जी की प्रतिमा स्थापित करवाने और उनके ऐतिहासिक योगदान को दर्शाने वाला शिलालेख लगाने की मांग की।
ज्ञापन में गिरीश शर्मा ने बताया कि डीग ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रहा है। डीग का गौरवशाली इतिहास महान वीर योद्धा, कुशल शासक और भरतपुर रियासत के संस्थापक महाराजा सूरजमल जी के शौर्य, पराक्रम, दूरदर्शिता एवं जनकल्याणकारी कार्यों से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि महाराजा सूरजमल जी ने अपने अदम्य साहस, वीरता और कुशल नेतृत्व के बल पर राजस्थान सहित संपूर्ण देश के इतिहास में विशिष्ट स्थान बनाया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
गिरीश शर्मा ने ज्ञापन में विनम्र निवेदन किया कि डीग रेलवे स्टेशन पर महाराजा सूरजमल जी की भव्य प्रतिमा स्थापित करवाई जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके गौरवशाली इतिहास, वीरता और राष्ट्र के प्रति योगदान से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि प्रतिमा के समीप एक शिलालेख भी स्थापित किया जाए, जिसमें महाराजा सूरजमल जी के जीवन परिचय और उनके ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख हो। इस पहल से रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों और नई पीढ़ी को उनके ऐतिहासिक व्यक्तित्व एवं योगदान से परिचित कराने में मदद मिलेगी।