डीग, 22 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव के तहत डीग जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन गुरुवार को तेजी देखने को मिली। जिला परिषद सदस्य पद के लिए 127 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनके माध्यम से 92 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। वहीं, कामां, पहाड़ी और बृजनगर पंचायत समितियों में सदस्य पद के लिए कुल 249 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 194 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए पहले दिन एक नामांकन पत्र दाखिल हुआ था। दूसरे दिन 50 नामांकन पत्र प्राप्त हुए, जबकि तीसरे दिन यह संख्या बढ़कर 127 हो गई। इस तरह तीन दिनों में जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 178 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं। इन नामांकन पत्रों के माध्यम से कुल 127 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया है।

पंचायत समिति सदस्य पद के लिए तीसरे दिन कामां में 84 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनके माध्यम से 61 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। पहाड़ी पंचायत समिति में 78 नामांकन पत्रों के जरिए 67 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। वहीं, बृजनगर पंचायत समिति में 87 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 66 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया। इस प्रकार तीनों पंचायत समितियों में तीसरे दिन कुल 249 नामांकन पत्र दाखिल हुए और 194 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कामां, पहाड़ी और बृजनगर पंचायत समितियों में नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन 27 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जबकि दूसरे दिन 162 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। तीसरे दिन दाखिल हुए 249 नामांकन पत्रों को मिलाकर तीनों पंचायत समितियों में अब तक कुल 438 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जा रही है। तीसरे दिन नामांकन पत्रों की संख्या में हुई बढ़ोतरी के साथ डीग जिले में चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

Tags: