चित्तौड़गढ़ के सहनवा गांव में आयोजित संगठनात्मक बैठक के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते विधायक चंद्रभान सिंह आक्या।   

चित्तौड़गढ़। नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली सफलता के बाद अब पंचायतीराज चुनावों में भारी बहुमत हासिल कर भाजपा का बोर्ड बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

विधायक चंद्रभान सिंह आक्या शुक्रवार को ग्राम सहनवा में आगामी पंचायतीराज चुनाव को लेकर आयोजित संगठनात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिली भारी सफलता साबित करती है कि जनता सरकार के विकास कार्यों से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनावों में भी सभी को एकजुट होकर काम करना होगा, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यों को आमजन तक पहुंचाया जा सके और भाजपा भारी बहुमत से अपना बोर्ड बना सके।

आक्या ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में विकास की अनेक सौगातें दी गई हैं। आमजन से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार ने अनेक योजनाएं लागू की हैं।

चुनाव संयोजक प्रवीण सिंह राठौड़ ने बताया कि बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनाव की रणनीति, चुनाव संचालन, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका और जिम्मेदारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में मंडल अध्यक्ष अनिल सुखवाल, गोपाल जाजू, कपिल मलानी, सीताराम जाट, प्रभु गुर्जर, रामनरेश गाडरी, मुकेश जाखड़, रामसिंह पुनिया, शंकर जाट, उंकार गुर्जर, शंभु जटिया, सोहनसिंह, गोवर्धन भांबी, शांतीलाल भांबी, रामेश्वर पुनिया, मनोज ओड, किशन ओड और शंकर लौहार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक में पंचायतीराज चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया गया।

Tags: