बड़ी सादड़ी के विद्यालय परिसर में स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत और विद्यार्थी मतदाता जागरूकता पोस्टर के साथ शत-प्रतिशत मतदान की अपील करते हुए।   

बड़ी सादड़ी में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को लेकर स्वीप अभियान के तहत मतदाताओं को जागरूक करने की गतिविधियां तेज हो गई हैं। स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने खेरमालिया में नवमतदाता विद्यार्थियों का ऊपरना ओढ़ाकर अभिनंदन किया। विद्यार्थियों ने रैली निकालकर अभिभावक मतदाताओं को जागरूकता का संदेश दिया और आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान करवाने का संकल्प लिया। अभियान के दौरान मतदाताओं से 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन तथा 16 नवंबर 2026 को पंच-सरपंच चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की गई।

बड़ी सादड़ी की नवगठित ग्राम पंचायत मुख्यालय पारलिया में वोट चौपाल आयोजित की गई। यहां पूरे गांव में रैली निकालकर ग्रामीणों से शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान किया गया। रैली के दौरान “सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो” और “वोट हमारी जिम्मेदारी” जैसे संदेश दिए गए। “बाई-बापू ने केनो है, वोट सबने देना है” के माध्यम से भी ग्रामीणों को मतदान के प्रति प्रेरित किया गया।

बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में स्वीप टीम लगातार नए प्रयोगों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित कर रही है। टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि अब तक शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों सहित 71 विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। इसके अलावा कई गांवों और चौपालों पर रैलियां, विद्यार्थियों की रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल, पोस्टर प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा और नवमतदाता अभिनंदन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं में दादा-दादी, ताऊ-ताई, माता-पिता, चाचा-चाची, भैया और भाभी को शामिल करते हुए उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। वहीं, अप्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं में नाना-नानी, मामा-मामी, मौसी-मौसा, बुआ-फूफा, जीजाजी और जीजी को आगामी चुनावों में मतदान करवाने के लिए जागरूक करने की अपील की गई। विद्यार्थियों ने अपने परिजनों को बूथ तक ले जाकर मतदान करवाने का संकल्प लिया।

स्वीप टीम की ओर से बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के 160 राजस्व गांवों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा चुका है। टीम का उद्देश्य मतदान के प्रति उदासीन मतदाताओं को जागरूक कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में भगवत सिंह शक्तावत ने खेरमालिया से अभियान की शुरुआत की। इसके बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरथला और पारलिया में भी स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं से आगामी 14 और 16 नवंबर 2026 को मतदान करने का आह्वान किया गया। स्वीप टीम के लगातार दौरों और गतिविधियों से बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।

भगवत सिंह शक्तावत ने विद्यार्थियों को सरल और प्रभावी तरीके से मतदान का महत्व समझाया। उन्होंने बहुविकल्पीय प्रश्नों के उदाहरण देकर बताया कि यदि अभिभावक मतदाताओं को कोई प्रत्याशी उपयुक्त नहीं लगता है, तो वे उपरोक्त में से कोई नहीं यानी नोटा विकल्प का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन मतदान अवश्य करें। उन्होंने विद्यार्थियों को भारत का भविष्य बताते हुए सफल नागरिक बनने के लिए एक समय में एक ही काम करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “वन टाइम वन प्रोग्राम मिशन” अपनाने से सफलता अवश्य मिलेगी।

शक्तावत विद्यार्थियों को प्रत्येक कार्य उसके निर्धारित समय पर करने की सीख भी देते हैं। वे विद्यालयों में समझाते हैं कि पढ़ने के समय पढ़ें, खाने के समय खाएं, सोने के समय सोएं, खेलने के समय खेलें और अन्य कामों के समय दूसरे काम करें। उनके अनुसार, इस तरह अनुशासित दिनचर्या अपनाने से जीवन में सफल इंसान बनने में मदद मिलेगी। विद्यालयों में इस संदेश का विद्यार्थियों पर अच्छा प्रभाव पड़ रहा है।

स्वीप टीम की ओर से आयोजित रैलियों और रोड शो ने विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ाया। विद्यार्थियों ने अपने-अपने परिजन मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई। अभियान के माध्यम से परिवारों तक मतदान का संदेश पहुंचाने और चुनाव में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में चलाया जा रहा है। रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा तथा सहयोगी खेमराज मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी, के सानिध्य में गतिविधियां संपन्न की जा रही हैं।

अभियान से संबंधित समाचारों की प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कवरेज का संकलन सतपाल धाकड़ कर रहे हैं। टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू कीर, रामेश्वर मेघवाल और हुसैन अली लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों के आयोजन में सहयोग दे रहे हैं। इस अवसर पर संबंधित विद्यालयों के संस्था प्रधानों, समस्त शिक्षकों और समाजजनों की मौजूदगी रही। सभी ने लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने और मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।

Tags: