चित्तौड़गढ़ में नवरात्रि के अवसर पर भारत विकास परिषद की महिला सहभागिता शाखा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सिलाई केंद्र की लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं सिलाई मशीन प्रदान की गई।   

चित्तौड़गढ़। नवरात्रि के अवसर पर भारत विकास परिषद की महिला सहभागिता शाखा ने कन्या पूजन कर बेटियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में देवी स्वरूप कन्याओं के चरण वंदन के साथ उन्हें ओढ़नी ओढ़ाकर, तिलक लगाकर और खाद्य सामग्री देकर पूजन किया गया। इस दौरान बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित निःशुल्क सिलाई केंद्र की बच्चियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया और जरूरतमंद दो बहनों को सिलाई मशीन भेंट की गई।

महिला संरक्षिका शशि सनाढ्य ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत के तहत कौशल विकास केंद्र के माध्यम से निःशुल्क सिलाई केंद्र संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में केंद्र से जुड़ी सभी बच्चियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

शाखा प्रमुख अर्चना मोदानी ने बताया कि निःशुल्क सिलाई केंद्र पिछले आठ वर्षों से निरंतर संचालित है। इस पहल के तहत जरूरतमंद दो बहनों को एक सिलाई मशीन प्रदान की गई, ताकि भारत की बेटियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने और समाज में स्वावलंबी बनने की प्रेरणा दी जा सके।

कन्या पूजन कार्यक्रम में अलका जैन, अरुणा सुखवाल, लाड़ जागेटिया, विजया गौतम, प्रमिला चोपड़ा, चंदा समदानी, सीता चेचानी, सीमा खंडेलवाल, कमल जैन और ब्रजेश मोदानी ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से कन्या पूजन के साथ बेटियों के कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की पहल की गई।

Tags: