वैष्णव निरंजनी कुलदेवी मंदिर जीर्णोद्धार: बड़ी सादड़ी में निकली भव्य कलश यात्रा
बड़ी सादड़ी में वैष्णव निरंजनी वंश की कुलदेवी मंदिर के जीर्णोद्धार कार्यक्रम के तहत निकाली गई कलश यात्रा, शनिवार को होंगे धार्मिक अनुष्ठान।
तस्वीर में बड़ी सादड़ी के पुला मंगरा क्षेत्र में वैष्णव निरंजनी वंश की कुलदेवी मंदिर जीर्णोद्धार कार्यक्रम के तहत निकाली जा रही कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु नजर आ रहे हैं.
डूंगला। वैष्णव निरंजनी वंश की कुलदेवी के मंदिर जीर्णोद्धार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को बड़ी सादड़ी कस्बे में विशाल कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धा और भक्ति के माहौल में निकली इस यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। डीजे पर गूंजते भजनों के बीच श्रद्धालु झूमते-नाचते और कुलदेवी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
बड़ी सादड़ी कस्बे के निकट पुला मंगरा इलाके में कुलदेवी मंदिर का दो दिवसीय जीर्णोद्धार कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी के तहत शुक्रवार को निकाली गई कलश यात्रा कृष्ण वाटिका बड़ी सादड़ी से शुरू हुई। यात्रा ब्रह्मपुरी, राजमहल, जवाहर चौक, शोभनाथ मार्केट, घंटाघर और झाला मन्ना सर्कल होते हुए पुला मंगरा स्थित आयोजन स्थल पर पहुंची। पूरे मार्ग में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
आयोजक मंडल के यशपाल वैष्णव, सुरेंद्र वैष्णव और प्रेम शंकर वैष्णव बड़ी सादड़ी ने बताया कि जीर्णोद्धार कार्यक्रम के तहत शनिवार को मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। सुबह 8:15 बजे मंदिर प्रांगण में हवन किया जाएगा। इसके साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कुलदेवी मां की प्रतिमा का अभिषेक किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सुबह 9:00 बजे से निकुंभ के मशहूर जादूगर सुरेश वैष्णव जादू शो का प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे अभिजीत मुहूर्त में मंदिर शिखर पर कलश एवं ध्वजा चढ़ाई जाएगी। धार्मिक अनुष्ठानों के समापन पर पूर्णाहुति और महाआरती होगी। इस अवसर पर नौ कन्याओं का पूजन भी किया जाएगा।
दो दिवसीय आयोजन के तहत मंदिर जीर्णोद्धार से जुड़े धार्मिक कार्यक्रमों का समापन मंदिर शिखर पर कलश और ध्वजा चढ़ाने, पूर्णाहुति, महाआरती तथा कन्या पूजन के साथ होगा।