बस्सी में विद्युत लाइन तार चोरी मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, मैटेरियल बरामद
चित्तौड़गढ़ के बस्सी में 765 केवी लाइन के तार चोरी मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 350 किग्रा माल समेत चार आरोपियों को पकड़ा।
चित्तौड़गढ़ जिले का पुलिस थाना बस्सी, जहां विद्युत लाइन के तार चोरी मामले के वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई हुई।
बस्सी में थाना क्षेत्र से गुजरने वाली 765 केवी विद्युत लाइन के तार चोरी के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चोरी किए गए मैटेरियल के 10 बंडल भी जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 350 किलोग्राम है। पुलिस आरोपियों से बस्सी सहित अन्य क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा एवं पुलिस उपअधीक्षक ग्रामीण दिनेश सुखवाल के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बस्सी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रकरण में वांछित राधेश्याम उर्फ गोपाल पुत्र भैरूलाल ओड़ निवासी कालीरडिया (बड़लियास), भीलवाड़ा को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई।
इससे पहले संजय पुत्र उमेश सोनी निवासी भैरड़ा रोड (चंदेरिया), इमरान अहमद पुत्र नजीम अहमद (मुस्लिम) निवासी भैरड़ा रोड, गणपति नगर (चंदेरिया) तथा रतन उर्फ जगदीश पुत्र नारायण भील निवासी भीलों का मोहल्ला (रोलाहेड़ा) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चोरी किए गए मैटेरियल में से 10 बंडल जब्त किए, जिनका वजन 350 किलोग्राम है।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। वांछित आरोपी की गिरफ्तारी में कांस्टेबल मदनलाल की विशेष भूमिका रही। इस कार्रवाई में एएसआई सहित कांस्टेबल विजेश अहीर, मदनलाल और हरिराम शामिल रहे।