स्वतंत्र पत्रकार को जान से मारने की धमकी पर निम्बाहेड़ा में पत्रकार एकजुट, दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग

निम्बाहेड़ा में स्वतंत्र पत्रकार पप्पूलाल देतवाल को कथित जान से मारने की धमकी और जातिगत अपमान के विरोध में पत्रकारों ने ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

Update: 2026-07-06 14:07 GMT

निंबाहेड़ा में ज्ञापन सौंपने के दौरान उपखंड अधिकारी कार्यालय में उपस्थित पत्रकार और मीडिया प्रतिनिधि।

निम्बाहेड़ा में स्वतंत्र पत्रकार पप्पूलाल देतवाल को कथित रूप से जातिगत अपमान और जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में सोमवार को नगर के पत्रकारों एवं मीडियाकर्मियों ने एकजुटता दिखाते हुए उपखंड अधिकारी तथा पुलिस उपाधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि स्वतंत्र पत्रकार पप्पूलाल देतवाल जिला चिकित्सालय निंबाहेड़ा में अपने परिजन की दवा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी ने कथित रूप से उनकी पत्रकारिता गतिविधियों को लेकर उनका अपमान किया। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पत्रकार के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जान से मारने की धमकी दी तथा भविष्य में समाचार प्रकाशित करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

पत्रकारों ने ज्ञापन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उसका दायित्व समाज एवं प्रशासन के समक्ष जनहित के मुद्दों को निष्पक्ष रूप से रखना है। उनका कहना था कि यदि किसी पत्रकार को उसके कर्तव्य निर्वहन से रोकने, डराने-धमकाने अथवा जातिगत रूप से अपमानित करने का प्रयास किया जाता है तो यह न केवल पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर हमला है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विपरीत है।

मीडियाकर्मियों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी पत्रकार को इस प्रकार की प्रताड़ना का सामना न करना पड़े और पत्रकारों की सुरक्षा एवं सम्मान बना रहे।

इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा तथा बाद में पुलिस उपाधीक्षक से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान एस.एस अग्रवाल, ज़ाकिर हुसैन, प्रकाश खत्री, फैसल खान, बिहारीलाल सोलंकी, शकील खान, विक्रम मीणा, मोईन खान, अशरफ मेव, निशांत अग्रवाल, शरीफ़ मेव, कमलेश आमेटा, पप्पू देतवाल, वकार अहमद सहित अन्य मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News