46 दिवसीय हज यात्रा से लौटे हाजी आरिफ खिलजी का भव्य स्वागत, हज-2027 आवेदन शुरू होने की भी दी जानकारी

हज यात्रा 2026 से लौटे हाजी आरिफ खिलजी का निम्बाहेड़ा में भव्य सम्मान हुआ। कार्यक्रम में हज-2027 आवेदन, कमेटी की सेवाओं और सम्मान समारोह की अहम जानकारी सामने आई।

Update: 2026-07-06 14:20 GMT

तस्वीर में निम्बाहेड़ा में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान हज यात्रा से लौटे हाजी आरिफ खिलजी (ऊपर माला और साफा पहने) और हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारी व स्थानीय नागरिक एकत्र होकर खड़े दिखाई दे रहे हैं।

पवित्र हज यात्रा वर्ष 2026 से सकुशल लौटने पर कमधज नगर निवासी हाजी जनाब आरिफ खिलजी का रविवार को उनके निवास पर भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर हज खिदमत कमेटी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने साफा बंधवाकर, पुष्पमालाएं पहनाकर तथा मुबारकबाद पेश कर उनका गर्मजोशी से इस्तकबाल किया।

हाजी आरिफ खिलजी 24 अप्रैल 2026 को पवित्र हज यात्रा के लिए सऊदी अरब के मुकद्दस शहर मक्का-मदीना शरीफ रवाना हुए थे। 46 दिवसीय रूहानी सफर पूर्ण कर वे 10 जून 2026 को सकुशल अपने वतन लौटे। उनके आगमन पर आयोजित सम्मान समारोह में धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।

समारोह में जिला हज खिदमत कमेटी चित्तौड़गढ़ के जिलाध्यक्ष उबैद खान ठेकेदार, हज खिदमत कमेटी निम्बाहेड़ा के सदर मतलूब अजमेरी, सचिव हाजी अख्तर पटेल, सरपरस्त हाजी जाहिद खान, नायब सदर हाजी भूरू जागीरदार, हाजी कल्लू बा मंसूरी, अनीस अहमद शेख, सादिक हुसैन, सलाहकार मोहम्मद फारूक छिपा, कोषाध्यक्ष अब्दुल कलाम एडवोकेट, इमरान खान एवं जमील खान उर्फ भाया बैट्री सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान हाजी गफूर साहब, डॉ. आसिफ खिलजी, डॉ. मंसूर, डॉ. आसिफ रहमान, शम्सुद्दीन भाई, जफर मिस्त्री, जफर खान, इशरत उस्ताद, वसीम खान (ई-मित्र) एवं शमिउद्दीन खान सहित उपस्थित जनों ने हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारियों का भी साफा एवं पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मान किया। वक्ताओं ने हाजियों की सुविधा, मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए कमेटी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

समारोह के दौरान डॉ. आसिफ खिलजी ने हज खिदमत कमेटी के सदर मतलूब अजमेरी के यौमे पैदाइश के अवसर पर केक कटवाकर उन्हें मुबारकबाद दी तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल जीवन की दुआ की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष उबैद खान ठेकेदार ने हाजी आरिफ खिलजी एवं उनके परिवार का आभार व्यक्त किया। वहीं कमेटी के सचिव हाजी अख्तर पटेल ने बताया कि हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है तथा आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

हज खिदमत कमेटी, निम्बाहेड़ा वर्ष 2013 से निरंतर हाजियों की सेवा में समर्पित भाव से कार्यरत है। कमेटी द्वारा अब तक सैकड़ों हाजियों के निःशुल्क हज फॉर्म भरवाने, 513 पासपोर्ट बनवाने, जिला स्तरीय टीकाकरण एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा आवश्यक दस्तावेज हज हाउस जयपुर एवं टोंक रुबात में जमा करवाने जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की गई हैं।

कमेटी द्वारा वर्ष 2018 से 2026 तक सफल हज प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। वहीं वर्ष 2025 में टोंक रुबात व्यवस्था के माध्यम से प्रत्येक हाजी को लगभग 53 हजार रुपये का आर्थिक लाभ दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। सेवा, सहयोग और समर्पण के 13 वर्षों के सफर के साथ हज खिदमत कमेटी, निम्बाहेड़ा आज क्षेत्र के हाजियों के लिए विश्वास और सहयोग का प्रमुख केंद्र बन चुकी है।

Tags:    

Similar News