खेल प्रतिभाओं को पहचानकर निखारें शारीरिक शिक्षक: सीबीईओ मंजू गुप्ता, ब्लॉक स्तरीय बैठक में दिए अहम निर्देश

बड़ीसादड़ी में आयोजित शारीरिक शिक्षकों की ब्लॉक स्तरीय बैठक में सीबीईओ मंजू गुप्ता ने खेल प्रतिभाओं को पहचानकर निखारने पर जोर देते हुए अहम निर्देश दिए।

Update: 2026-07-06 13:53 GMT

बड़ीसादड़ी में आयोजित बैठक के दौरान तस्वीर में बाएं से दाएं खड़े शिक्षक और अधिकारी सेवानिवृत्त हो रही मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू गुप्ता का शॉल व दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान करते हुए।

बड़ीसादड़ी में ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू गुप्ता ने कहा कि यह शारीरिक शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सोमवार को सीबीईओ कार्यालय में आयोजित शारीरिक शिक्षकों की ब्लॉक स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए नए शैक्षणिक सत्र में खेल गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए सभी शिक्षकों से सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू गुप्ता ने कहा कि खेलों के विकास में शारीरिक शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनके समर्पित प्रयासों से ही ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना पाती हैं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को समय पर पहचानकर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराना शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

बैठक में आगामी ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तरीय विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा प्रतियोगिता स्थलों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। शारीरिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिताओं के सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता स्थलों के संबंध में प्राप्त प्रस्तावों को अनुमोदन के लिए जिला स्तरीय क्रीड़ा समिति की बैठक में भेजा जाएगा।

इस अवसर पर इसी माह सेवानिवृत्त होने जा रही मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू गुप्ता का सभी शारीरिक शिक्षकों ने सम्मान किया। वहीं गतवर्ष जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कराने पर वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक नंदलाल खटीक, कैलाश चंद्र मालू एवं भगवतसिंह मीणा का भी अभिनंदन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता शारीरिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मांगू गिरी गोस्वामी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एसीसीबीईओ जगदीश चंद्र धाकड़ उपस्थित रहे। बैठक में बशीर मोहम्मद, अशोक दाधीच, नटवरलाल शर्मा, अमजद खान पठान, फिरोज खान, जसवंत शर्मा, डॉ. दीपक सिंह, दिनेश चंद्र जणवा, भगवतीलाल सुथार, उदयसिंह रावत, इम्तियाज हुसैन, सुरेश आचार्य, भगवती लाल सुथार, सुदेश नारायण सहित बड़ी संख्या में शारीरिक शिक्षक मौजूद रहे। बैठक में नए शैक्षणिक सत्र की खेल गतिविधियों और आगामी प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

Tags:    

Similar News