घाघसा स्कूल में सीबीईओ का औचक निरीक्षण, एमडीएम की गुणवत्ता जांची और किया पौधारोपण
चित्तौड़गढ़ के घाघसा स्कूल में सीबीईओ शंभूलाल सोमानी ने एमडीएम की गुणवत्ता जांची और विद्यालय स्टॉफ को विशेष निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। जानिए क्या रही पूरी रिपोर्ट।
चित्तौड़गढ़ के एक सरकारी स्कूल में बच्चों को मिड-डे मील परोसा जा रहा है, जिसे सीबीईओ और अन्य अधिकारी देख रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंभूलाल सोमानी ने स्थानीय राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय घाघसा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यालय स्टॉफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीबीईओ ने विद्यालय में चल रहे कक्षा संचालन और आवश्यक शैक्षणिक रिकॉर्ड का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने एमडीएम यानी मिड-डे मील की गुणवत्ता की विशेष रूप से जांच की। लंच के समय अधिकारी ने बच्चों के बीच बैठकर पोषाहार का स्वाद चखा और गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए विद्यालय स्टॉफ को भी बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण प्रक्रिया के साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सीबीईओ शंभूलाल सोमानी ने 'एक पौधा मां के नाम' अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। संस्था प्रधान दिनेश सालवी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पोषाहार प्रभारी निर्मला मिश्रा, शारीरिक शिक्षक बहादुर सिंह, पुलकित दशोरा, सुनील कुमार, जयंती माला और धर्मा गुर्जर सहित अन्य स्टॉफ सदस्यों ने भी पौधारोपण किया और पौधों की निरंतर देखभाल करने का संकल्प लिया।