तस्वीर में निकुंभ के श्री आशीर्वाद हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित स्वास्थ्य परामर्श शिविर के दौरान डॉक्टर, ग्रामीण और हेल्थ केयर सेंटर के कार्मिक नजर आ रहे हैं।

बड़ी सादड़ी के निकुंभ में पंचमुखी हेल्थ केयर सेंटर के तत्वावधान में एक दिवसीय फिजियोथैरेपी एवं निशुल्क परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। श्री आशीर्वाद हनुमान मंदिर परिसर, बस स्टैंड निकुंभ में आयोजित शिविर में 38 गंभीर रोगियों का पंजीयन कर उन्हें चिकित्सा के लिए परामर्श दिया गया।

शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक हुआ। इसमें प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. यशवंत भंडारी एवं न्यूरो फिजियोथैरेपी विशेषज्ञ डॉ. दिव्यांशी शर्मा ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि स्वस्थ एवं खुशहाल मानव जीवन के लिए अच्छा स्वास्थ्य हमारी पहली प्राथमिकता है।

शिविर में दर्द निवारक उपचार, जोड़ों के दर्द का उपचार, योग एवं व्यायाम की जानकारी, गर्दन एवं कमर दर्द परामर्श तथा स्पोर्ट्स इंजरी मार्गदर्शन जैसी निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं।

इस अवसर पर श्री राम सत्संग सेवा परिषद के अध्यक्ष प्रेम सिंह सिसोदिया, वरिष्ठ नागरिक एवं समाजसेवी भानु कुमार मित्र, रोडमल खाबिया, पुखराज सहलोत, विनीत पोरवाल, अक्षय सोनी, पारसमल सहलोत और दिनेश माली सहित हेल्थ केयर सेंटर की महिला कार्मिक उपस्थित रहीं।

श्री राम सत्संग सेवा परिषद की ओर से हेल्थ केयर सेंटर का आभार जताया गया। शिविर में रोगियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और आवश्यक उपचार संबंधी जानकारी निशुल्क उपलब्ध कराई गई।

Tags: