तस्वीर में बड़ी सादड़ी के पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में सम्मानित होने के बाद छात्राएं और विद्यालय परिवार के सदस्य नजर आ रहे हैं।

बड़ी सादड़ी की पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कुसुम कल्याणा ने ब्लॉक स्तरीय प्रबल कार्यक्रम में हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इससे पहले भी वह जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर चुकी हैं और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए श्रेष्ठ प्रदर्शन कर चुकी हैं।

पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बोहेड़ा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रबल कार्यक्रम में कुसुम कल्याणा ने हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। गत सप्ताह एपीजे अब्दुल कलाम व्यक्तित्व विकास योजना के तहत आयोजित जिला स्तरीय हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी उन्होंने प्रथम स्थान हासिल किया था। इसके बाद जोधपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

वहीं, पीएम श्री बड़ी सादड़ी की छात्रा मनस्वी कौशिक ने जिला स्तरीय मार्शल आर्ट कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

दोनों छात्राओं की उपलब्धियों से विद्यालय के साथ ही बड़ी सादड़ी क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। उनकी सफलता पर विद्यालय परिवार ने दोनों बालिकाओं का अभिनंदन किया।

Tags: