बोहेड़ा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रबल-2026 प्रतियोगिता के दौरान कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थी और अतिथि।

बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में पंचायत आम चुनाव 2026 को लेकर स्वीप टीम ने मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। जनजाति उपयोजना क्षेत्र में संवाद कार्यक्रमों, रैलियों और ढोल-नगाड़ों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों ने अपने परिजन मतदाताओं को आगामी 14 और 16 नवंबर को मतदान केंद्र तक ले जाकर मतदान करवाने का संकल्प लिया।

स्वीप टीम बड़ी सादड़ी लगातार नए प्रयोगों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित कर रही है। स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि अब तक 21 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। इनमें विद्यार्थियों की रैलियां, रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल और पोस्टर प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। प्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं में दादा-दादी, ताऊ-ताई, माता-पिता, चाचा-चाची, भैया और भाभी को शामिल किया गया। वहीं, अप्रत्यक्ष परिजन मतदाताओं में नाना-नानी, मामा-मामी, मौसी-मौसा, बुआ-फूफा और जीजाजी व जीजी को आगामी चुनावों में मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। अभियान का उद्देश्य मतदान के प्रति उदासीन मतदाताओं को जागरूक करना और मतदान प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना है।

इसी क्रम में मंगलवार को रति चंद जी खेड़ा, बोर खेड़ा, केवल पूरा, नया खेड़ा, पायरी ग्राम पंचायत मुख्यालयों के साथ रुपपुरा, मरावदियाँ और माता मंगरी में स्वीप टीम ने व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं। टीम के इन दौरों के दौरान विद्यार्थियों की रैलियां ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली गईं। विद्यार्थियों ने उमंग और उत्साह के साथ अपने-अपने परिजन मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई।

अभियान के तहत मतदाताओं को आगामी 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन तथा 16 नवंबर 2026 को पंच-सरपंच चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्वीप टीम का जोर इस बात पर है कि परिवार के प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान के दिन अपने बूथ तक पहुंचाकर मतदान करवाया जाए।

यह अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू और जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में चलाया जा रहा है। रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा तथा सहयोगी खेमराज मीणा, सहायक विकास अधिकारी के सानिध्य में गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू किर, रामेश्वर लाल मेघवाल और हुसैन बोहरा लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों के आयोजन में सहयोग कर रहे हैं। इस अवसर पर संबंधित विद्यालयों के संस्था प्रधानों, समस्त शिक्षकों और समाजजनों की मौजूदगी रही। सभी ने लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की शपथ ली।

Tags: