कांकरवा बस स्टैंड पर बाबा रामदेव के भक्तों के लिए विशाल राम रसोड़ा
रामदेवरा जाने वाले पदयात्रियों के लिए ग्रामीण भोजन, नाश्ते और विश्राम की निःशुल्क व्यवस्था कर रहे हैं।
तस्वीर में कांकरवा में सजाए गए पंडाल के भीतर आरती में शामिल श्रद्धालु दिख रहे हैं।
कांकरवा। 11 सितंबर। कांकरवा बस स्टैंड पर 29 अगस्त से भादवी बीज तक आयोजित राम रसोड़ा 14वें दिन भी अनवरत जारी रहा। बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए रामदेवरा जाने वाले सैकड़ों यात्रियों के लिए यहां निःशुल्क भोजन-प्रसाद और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की जा रही है।
राम रसोड़े में सुबह-शाम आरती के साथ श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए सेवा और भक्ति का आनंद ले रहे हैं। आयोजन में सर्व समाज के लोग बढ़-चढ़कर सेवा कर रहे हैं। ग्रामीण चंदा, भोजन सामग्री और घरेलू राशन उपलब्ध करवाकर सहयोग कर रहे हैं। समाजवार भी प्रतिदिन आगे आकर सेवा देने से आयोजन में सहयोग और सेवा भावना लगातार बढ़ रही है।
कांकरवा बस स्टैंड पर चल रहे विशाल राम रसोड़े में ग्रामीण दिन-रात रामदेवरा जाने वाले यात्रियों की सेवा में जुटे हैं। यात्रियों के लिए भोजन, नाश्ता और विश्राम की व्यवस्था की जा रही है। रामदेवरा (रुणीचा) जाने वाले पैदल जातरुओं की भारी आवाजाही के चलते इन दिनों पूरा क्षेत्र बाबा रामदेव की भक्ति के रंग में सराबोर है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और चौबीसों घंटे चल रहे सेवा कार्यों के कारण गांव का बस स्टैंड इन दिनों एक भव्य मेले के रूप में नजर आ रहा है। 29 अगस्त से शुरू हुआ यह राम रसोड़ा भादवी बीज तक यात्रियों की सेवा में अनवरत संचालित किया जा रहा है।