बेगूं में ईद मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस, गाजे-बाजे और डीजे पर झूमे अकीदतमंद
बेगूं में ईद मिलादुन्नबी पर भव्य जुलूस निकला। गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर अकीदतमंद शामिल हुए, जगह-जगह तबरुख बांटा गया।
बेगूं में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस निकाला गया।
बेगूं में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को धार्मिक कार्यक्रमों के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। पर्व को लेकर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में समाजजन और युवा जुलूस में शामिल हुए। युवा सफेद परिधान में नजर आए।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम मोहल्लों में घरों और मस्जिदों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। गांधी चौक, सदर बाजार, लालबाई-फूलबाई, आचलिया मोहल्ला, भट्टों का मोहल्ला चौक से जुलूस निकला। दरगाह परिसर में भी विशेष सजावट की गई। कार्यक्रम के दौरान बाहर से आए हुए आलिमों ने तकरीर की और नाते पढ़ी। इसके बाद मिलाद महफिल का आयोजन हुआ।
मिलाद महफिल के बाद गाजे-बाजे और डीजे के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होकर दरगाह पहुंचा। जुलूस के मार्ग में जगह-जगह तबरुख वितरित किया गया। बच्चों को बिस्किट और फल बांटे गए, वहीं मुस्लिम मोहल्लों में खीर का वितरण भी किया गया।
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। एडिशनल एसपी गोपाल सिंह कानावत, डीवाईएसपी अंकित कुड़ी एवं थाना अधिकारी चंपाराम मय जाप्ते के प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था में मौजूद रहे। अधिकारियों ने जुलूस के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जुलूस के समापन के बाद दरगाह परिसर में चादर पेश की गई। आम खाना पठान मोहल्ले में आयोजित किया गया तथा तबरुख वितरित किया गया। अंत में दरगाह पर अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ के साथ ईद मिलादुन्नबी का आयोजन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुस्लिम समाज के सदर सादिक अंसारी, पूर्व सदर आबिद अंसारी, उस्मान अंसारी, निसार अंसारी, सरफराज अंसारी, सलामत अंसारी, शाहरुख मंसूरी, इकबाल नीलगर, शमशाद नीलकर, अमीन अंसारी, अंजुमन सदर यूनुस बागड़ी, सफाअत मास्टर, मुबारक शाह, लाला डायर सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन एवं युवा मौजूद रहे।