आकोला में ईद मिलादुन्नबी पर जलसा, गाजे-बाजे और डीजे के साथ निकला भव्य जुलूस
आकोला में ईद मिलादुन्नबी पर जलसा और मिलाद महफिल के बाद गाजे-बाजे व डीजे के साथ जुलूस निकला। विभिन्न मार्गों से होकर जुलूस कुंड वाले बाबा की दरगाह पहुंचा, जहां अमन-चैन की दुआ की गई।
तस्वीर में आकोला के बाजार में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूस में शामिल लोग नजर आ रहे हैं।
आकोला में मुस्लिम समाज के सबसे बड़े पर्व पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्म दिवस जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को धार्मिक कार्यक्रमों के साथ जुलूस निकाला गया। पर्व को लेकर समाज के धर्मावलंबियों और युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। युवा सफेद परिधान में नजर आए।
ईद मिलादुन्नबी को लेकर मुस्लिम मोहल्लों, जवाहरनगर कॉलोनी सहित अन्य स्थानों पर घरों और मस्जिदों को रोशनी से सजाया गया। कुंड वाले बाबा की दरगाह पर भी रोशनी कर सजावट की गई। इस अवसर पर पेश इमाम द्वारा तकरीर और नातपाक पढ़ी गई। इसके बाद मिलाद महफिल का कार्यक्रम आयोजित हुआ।
धार्मिक कार्यक्रम के बाद जुलूस मस्जिद से गाजे-बाजे और डीजे के साथ शुरू हुआ। जुलूस छिपा मंदिर, नीम चौक, बैंक रोड, मुख्य बस स्टैंड और अखाड़ा चौक से होकर जवाहरनगर के मुख्य मार्गों में पहुंचा। इसके बाद जुलूस कुंड वाले बाबा की दरगाह परिसर में पहुंचकर संपन्न हुआ।
जुलूस के मार्ग में जगह-जगह तबरुख वितरित किया गया। बच्चों को बिस्कुट और फल भी बांटे गए। मुस्लिम मोहल्लों में खीर का वितरण किया गया। जुलूस के समापन के बाद दरगाह परिसर में आम खाना आयोजित हुआ और तबरुख वितरित किया गया।
जुलूस के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ थाना अधिकारी श्याम बिश्नोई मय जाप्ते के उपस्थित रहे। अंत में कुंड वाले बाबा की दरगाह में अमन-चैन की दुआओं के साथ ईद मिलादुन्नबी का आयोजन संपन्न हुआ।