बड़ीसादड़ी नगर पालिका चुनाव 2026: कांग्रेस ने चयन समिति और प्रभारी किए नियुक्त
बड़ीसादड़ी नगर पालिका चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस ने चयन समिति और प्रभारी नियुक्त किए, उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया अब होगी तेज।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका चुनाव–2026 के लिए बड़ीसादड़ी में चयन समिति एवं प्रभारीगण नियुक्त कर चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। संगठन की ओर से योग्य एवं जिताऊ उम्मीदवारों के चयन के साथ चुनावी तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
नियुक्त पदाधिकारियों में बड़ीसादड़ी विधानसभा प्रभारी अभिमन्यु सिंह झाला, बड़ीसादड़ी ब्लॉक प्रभारी गोपाल आंजना, जिला उपाध्यक्ष अभय मेहता, बड़ीसादड़ी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामचंद्र जाट (लालसिंह) तथा डूंगला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह झाला शामिल हैं।
इन सभी पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में नगर पालिका चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता, जनाधार, संगठनात्मक भूमिका एवं जीत की संभावनाओं को लेकर आवश्यक चर्चा और विचार-विमर्श किया जाएगा। चयन प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों से जुड़े इन पहलुओं का आकलन कर संगठनात्मक स्तर पर निर्णय लिए जाएंगे।
कांग्रेस संगठन की ओर से सभी कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों से आपसी एकजुटता बनाए रखने की अपील की गई है। संगठन ने कार्यकर्ताओं और दावेदारों से संगठन की मजबूती तथा कांग्रेस की विजय को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और चयन प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है। नगर पालिका चुनाव–2026 को लेकर बड़ीसादड़ी में अब चयन समिति एवं प्रभारीगण की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।