तस्वीर में विद्यालय में छात्र को उपरना ओढ़ाकर सम्मानित करते शिक्षक और मेज पर रखे वाद्य यंत्र।

प्रातः काल संवाददाता नन्द लाल तेली, चित्तौड़गढ़। शिक्षक दिवस पर आकोला के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थी की अनूठी गुरुदक्षिणा ने समारोह को यादगार बना दिया। विद्यालय की कक्षा 12वीं कला वर्ग के होनहार छात्र नयन कुमार रेगर ने अपनी जेब खर्च के पैसे बचाकर विद्यालय को हारमोनियम और ढोलक भेंट किए।

नयन कुमार रेगर की काफी समय से इच्छा थी कि विद्यालय की दैनिक प्रार्थना सभा वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि, लय और ताल के साथ हो, जिससे प्रार्थना सभा का माहौल अधिक आकर्षक और प्रेरणादायक बन सके। छात्र के इस नेक विचार को पूरा करने में उनके दादाजी एकलिंग लाल रेगर और माता-पिता का भी भरपूर सहयोग मिला। एकलिंग लाल रेगर इसी विद्यालय से सेवानिवृत्त व्याख्याता हैं।

शिक्षक दिवस के अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मुश्ताक अहमद शाह के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान प्रधानाचार्य एवं UCEEO अनिल कुमार शर्मा सहित पूरे विद्यालय परिवार ने नयन के समर्पण भाव की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

समारोह में नयन कुमार रेगर को उपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और विद्यालय के लिए किए गए इस योगदान पर उनका आभार जताया गया। छात्र की इस पहल से विद्यालय की दैनिक प्रार्थना सभा में संगीत के माध्यम से वातावरण को और आकर्षक एवं प्रेरणादायक बनाने की उसकी इच्छा पूरी होने की राह बनी।

Tags: