तस्वीर में चित्तौड़गढ़ स्थित कल्लाजी मंदिर में गेंदे की मालाओं से सजी मूर्ति दिख रही है।

चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के राजाधिराज श्री कल्लाजी राठौड़ के मंदिर पर गोगा नवमी के अवसर पर गौरक्षक गतोड़ जी चौहान सरकार का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्री कल्लाजी वेदपीठ की ओर से आयोजित धार्मिक एवं सेवा कार्यों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कल्याण लोक स्थित श्री कल्लाजी वैदिक विश्वविद्यालय परिसर की श्री कल्याण गौशाला में श्री कल्लाजी मंदिर मंडल न्यास के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गौ सेवा की। इस दौरान गायों को गुड़, लापसी एवं हरा चारा खिलाया गया। इसके साथ ही कल्याण नगरी में स्थित प्रमुख गौशालाओं में भी कल्लाजी भक्तों तथा मंदिर मंडल न्यास के पदाधिकारियों व सदस्यों ने पहुंचकर गौ सेवा की।

जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री कल्लाजी मंदिर की विशेष साज-सज्जा की गई। चौहान सरकार के लिए आकर्षक झूला भी सजाया गया। शाम को मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया।

पूरे दिन श्री कल्लाजी मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर प्रसाद वितरण किया गया। धार्मिक आयोजन, दर्शन और गौ सेवा के चलते पूरे दिन कल्याण नगरी में श्रद्धा एवं भक्ति का माहौल बना रहा।

Tags: