किसानों के कुओं से केबल और ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी करने वाली गैंग का खुलासा
बस्सी में डीएसटी और पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोरी गैंग का पर्दाफाश किया। दो आरोपी गिरफ्तार, 15 वारदातों का खुलासा और चोरी का माल बरामद।
बस्सी पुलिस स्टेशन के सामने खड़े पुलिसकर्मी, आरोपी, बाइक और जब्त किए गए विभिन्न औजार।
डीएसटी (चोरी निरोधक टीम) और थाना बस्सी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए किसानों के कुओं से केबल तथा खेतों में लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी करने वाली अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि चोरी का माल खरीदने वाले सहित तीन अन्य साथियों को नामजद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और मध्यप्रदेश क्षेत्र में केबल तथा विद्युत ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी की 15 वारदातों का खुलासा हुआ है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि रात के समय किसानों के कुओं की केबल चोरी और खेतों में लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी की वारदातों की रोकथाम के लिए डीएसटी टीम को निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक चित्तौड़गढ़ ग्रामीण दिनेश सुखवाल के निकटतम सुपरविजन में थाना अधिकारी बस्सी प्रेम सिंह जादौन ने केबल चोरी और डीपी से तांबा चोरी की वारदातों के खुलासे के लिए थाना स्तर पर तथा जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) चित्तौड़गढ़ की विशेष टीम गठित की।
चोरी की वारदातों के खुलासे के लिए गठित टीम ने अलग-अलग गांवों से हाईवे तक जाने वाले रास्तों की जांच की और बाइकों के हुलिए की पड़ताल की। इसी तरह की वारदातों में शामिल पुराने जरायम पेशा लोगों से पूछताछ की गई तथा अलग-अलग थाना सर्कल से पुराना रिकॉर्ड प्राप्त कर संदिग्ध लोगों पर लगातार नजर रखी गई। तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर टीम ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाली अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया और गिरोह के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया। तीन अन्य साथी आरोपियों को नामजद किया गया है। आरोपियों ने किसानों के कुओं की केबल चोरी और खेतों में लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी की दो दर्जन से अधिक वारदातें करना स्वीकार किया है।
31 अगस्त 2026 को प्रार्थी जयराज धाकड़ निवासी पालका, थाना बस्सी ने लिखित रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया कि रात के समय उसके कुएं से करीब 100 फीट केबल और करीब 20 किसानों के कुओं से भी अज्ञात लोग केबल चोरी कर ले गए। सुबह मोटर चलाने के लिए जाने पर केबल नहीं होने का पता चला। इसी रात बल्दरखा गांव के किसान अमर चन्द जाट ने भी रिपोर्ट दी कि उसके कुएं और आसपास के अलग-अलग 10 किसानों के कुओं से केबल चोरी कर ली गई। इसके अलावा तीन-चार माह से कुछ स्थानों पर सिंगल फेस ट्रांसफार्मरों से तांबा और ऑयल चोरी की घटनाएं होने की जानकारी भी सामने आई। रिपोर्ट के आधार पर थाना बस्सी में प्रकरण दर्ज कर वारदातों के खुलासे के लिए टीम गठित की गई।
डीएसटी टीम ने अलग-अलग थाना सर्कल में हुई इसी तरह की वारदातों का डाटा प्राप्त किया। पूर्व में चालानशुदा आरोपियों का रिकॉर्ड लेकर उन पर निगरानी शुरू की गई। जांच में सामने आया कि संदिग्ध आरोपी रोजाना अलग-अलग बाइकों से रात के समय अपने ठिकानों पर नहीं रहकर बाहर निकलते थे और शौक-मौज तथा खाने-पीने में अच्छा खर्च कर रहे थे। इसके बाद टीम ने अपने मुखबिर सक्रिय किए। प्राप्त सूचनाओं से पता चला कि यह गैंग चित्तौड़गढ़ के अलावा भीलवाड़ा और मध्यप्रदेश में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रही थी। टीम ने लगातार निगरानी रखकर गिरोह को दबोचने में सफलता हासिल की। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे चोरी की अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है। प्रकरण का अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजुलाल पिता किशनलाल बावरी, उम्र 26 साल, निवासी डेलाणा, सवाईपुर, थाना बडलियास, जिला भीलवाड़ा तथा शान्ति लाल पिता नाकुडा कलासवा मीणा, उम्र 26 साल, निवासी बडेता उमरापाडा, थाना खमेरा, बांसवाड़ा शामिल हैं। चोरी का माल खरीदने वाले सहित तीन अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार अब तक जिन 15 वारदातों का खुलासा हुआ है, उनमें बस्सी सर्कल के पालका और बल्दरखा गांवों से कुओं की केबल चोरी, विजयपुर सर्कल के शादी, मायरा और आसपास के गांवों से विद्युत ट्रांसफार्मरों का तांबा चोरी, गंगरार टोल से आगे विद्युत ट्रांसफार्मर का तांबा चोरी, गंगापुर पोटला से विद्युत ट्रांसफार्मर का तांबा चोरी, शम्भुपुरा के पास खेतों से केबल चोरी, गंगरार शहर से पहले सिंगल फेस विद्युत ट्रांसफार्मर का तांबा चोरी तथा राशमी के पहुना और पावली से दो विद्युत ट्रांसफार्मरों का तांबा चोरी शामिल है।
इसी क्रम में कपासन से आगे भोपालसागर के पास से विद्युत ट्रांसफार्मर का तांबा चोरी, नीमच के पास सुवाखेड़ा से खेतों की केबल चोरी, बरुदनी भीलवाड़ा के पास खेतों से केबल चोरी, पुर भीलवाड़ा से विद्युत ट्रांसफार्मर का तांबा चोरी, गंगापुर मालीखेड़ा गांव से कुओं और खेतों की केबल चोरी, घोसुन्डा गांव से खेतों की केबल चोरी, मागरोल निम्बाहेड़ा गांव से कुओं और खेतों की केबल चोरी तथा सुरजपुरा किले के पीछे से विद्युत ट्रांसफार्मर का तांबा चोरी की वारदातों का भी खुलासा हुआ है।
कार्रवाई करने वाली थाना बस्सी टीम में पुलिस निरीक्षक प्रेम सिंह जादौन, एएसआई रमेश चन्द्र, राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल हरप्रित, शोभाग और शंकर लाल शामिल रहे। डीएसटी (चोरी निरोधक टीम) में कांस्टेबल रामावतार (प्रभारी), सुनील कुमार, दुर्गेश, हेमराज, मुकेश, पदम कुमार, जोगेन्द्र, मनीष, पुरखराम, साहील और राकेश शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई से किसानों के कुओं की केबल और खेतों में लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों से तांबा चोरी करने वाली अंतर्राज्यीय गैंग की 15 वारदातों का खुलासा हुआ है, जबकि आरोपियों से पूछताछ और प्रकरण का अनुसंधान जारी है।