बड़ीसादड़ी पुलिस स्टेशन के बाहर जब्त क्रेटा कार और अवैध चंदन की लकड़ी।

निम्बाहेड़ा। अवैध चंदन तस्करी के विरुद्ध बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 211 किलो 820 ग्राम अवैध चंदन की लकड़ी से भरी क्रेटा कार जब्त कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बिना अनुज्ञा पत्र के अवैध चंदन की लकड़ी परिवहन करने के मामले में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज उदयपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिशचन्द्र सिंह के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। एएसआई हरिराम मय जाप्ता सर्कल गश्त पर थे। इसी दौरान कस्बा बड़ीसादड़ी में घण्टाघर की तरफ से आई एक संदिग्ध क्रेटा कार को रजवाड़ी होटल के पास रुकवाया गया।

पुलिस ने कार चालक मूनव्वर हुसैन मन्सुरी पिता मुस्तफा हुसैन मन्सुरी, मुस्लमान निवासी इन्द्रा कॉलोनी बड़ीसादड़ी तथा चालक के पास वाली सीट पर बैठे परवेज रज्जा पिन्जारा पिता मकसूद उर्फ मसुद हुसैन, मुस्लमान निवासी इन्द्रा कॉलोनी बड़ीसादड़ी, जिला चितौड़गढ़ से कार के अंदर रखे बोरों के बारे में पूछताछ की। दोनों कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके।

इसके बाद पुलिस ने दोनों के कब्जेशुदा क्रेटा कार की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से कुल 211 किलो 820 ग्राम अवैध चंदन की लकड़ी बरामद हुई। पुलिस ने चंदन की लकड़ी जब्त करने के साथ क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त मूनव्वर हुसैन मन्सुरी और परवेज रज्जा पिन्जारा को बिना अनुज्ञा पत्र के अवैध चंदन की लकड़ी परिवहन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। मामले में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त मूनव्वर हुसैन मन्सुरी के विरुद्ध पूर्व में पुलिस थाना कोतवाली चितौड़गढ़ एवं पुलिस थाना भादसोडा में प्रकरण दर्ज होकर जैर ट्रायल है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना बड़ीसादड़ी के एएसआई हरिराम, कांस्टेबल बाबुलाल, दिनेश, ओमप्रकाश और धर्मीचंद शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध चंदन की लकड़ी की बरामदगी के साथ उसके परिवहन में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार भी जब्त की गई है।

Tags: