सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की अन्तर सदनीय फुटबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न, बादल हाउस ने सांगा हाउस को 1-0 से हराया

चित्तौड़गढ़ सैनिक स्कूल की अन्तर सदनीय फुटबॉल प्रतियोगिता में बादल हाउस ने फाइनल में सांगा हाउस को 1-0 से हराकर खिताब जीता। समापन समारोह में विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई।

Update: 2026-07-08 13:39 GMT

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ सैनिक स्कूल के खेल मैदान पर फुटबॉल मैच के दौरान गेंद को अपने नियंत्रण में लेने के लिए मुकाबला करते खिलाड़ी कैडेट्स।

चित्तौड़गढ़ के सैनिक स्कूल में प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के निर्देशन में आयोजित अन्तर सदनीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया रहे।

समापन समारोह में स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं प्रतियोगिता के संयोजक मनीष जैन ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता में स्कूल के कुल आठ सदनों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें कक्षा सातवीं से ग्यारहवीं तक के कैडेट्स ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में सांगा हाउस ने हमीर हाउस को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में बादल हाउस ने कुम्भा हाउस को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई।

फाइनल मुकाबला सांगा हाउस और बादल हाउस के बीच खेला गया, जिसमें बादल हाउस ने सांगा हाउस को 1-0 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के संयोजक गणित के वरिष्ठ अध्यापक मनीष जैन रहे, जबकि रेफरी की जिम्मेदारी सीएचएम मुनबुल नरजरी एवं हवलदार एम नवीन कुमार ने निभाई।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर बधाई दी। प्रतियोगिता में विभिन्न सदनों के कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी और खेल भावना ने आयोजन को सफल बनाया।

Tags:    

Similar News