बस्सी हिस्ट्रीशीटर की संदिग्ध मौत: मारपीट और 1.25 लाख रुपये वसूली के आरोपों से सनसनी
बस्सी में हिस्ट्रीशीटर की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप। परिजनों ने चोरी का झूठा आरोप लगाकर 1.25 लाख रुपये वसूली, मारपीट और खाली चेक पर हस्ताक्षर करवाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
तस्वीर में बस्सी थाना क्षेत्र के जयसिंहपुरा निवासी छोटूलाल धाकड़ दिखाई दे रहे हैं।
बस्सी थाना क्षेत्र के जयसिंहपुरा निवासी एक हिस्ट्रीशीटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के भाई ने पुलिस थाने में दी गई रिपोर्ट में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसके भाई छोटूलाल धाकड़ को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतक बस्सी थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उसके परिजनों ने आरोपियों पर चोरी का झूठा इल्जाम लगाकर मारपीट करने, खाली चेक पर हस्ताक्षर करवाने और 1.25 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर घटना की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी नारायण लाल पुत्र हेमराज धाकड़ ने पुलिस को बताया कि उसका चचेरा भाई छोटूलाल लोडिंग ऑटो किराए पर चलाता था। करीब 5-7 दिन पूर्व छोटूलाल गांव के ही बालूलाल पुत्र मुलचन्द धाकड़ के साथ ऑटो में भैंसे भरकर सोपुरा बेगूं गया था और बाद में उन्हें निम्बाहेड़ा में बेच दिया था। रिपोर्ट के अनुसार, घटना के दो दिन बाद जब छोटूलाल ऑटो लेकर जोधपुरिया गया, तब लादूलाल सुथार ने उसे जबरन रोककर निम्बाहेड़ा ले जाकर मारपीट की। इसके बाद दोनों भैंसों को वापस लाकर छोटूलाल पर चोरी का आरोप मढ़ा गया और उससे 1.25 लाख रुपये वसूल लिए गए।
नारायण लाल ने बताया कि 30 जून के बाद से ही लगातार गांव वाले उनके घर आकर भैंसों के संबंध में पूछताछ कर परेशान कर रहे थे। इन लोगों में पालका निवासी कन्हैयालाल पुत्र मोहनलाल धाकड़, रामलाल पुत्र रूपा धाकड़, भैरूलाल पुत्र श्याम धाकड़, छापिया खेड़ी निवासी राजू पुत्र शंकर लाल मीणा, काना मीणा, लक्ष्मण सुथार, कालू लाल गुर्जर सहित 5-7 अन्य व्यक्ति शामिल थे। प्रार्थी ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया कि बीते मंगलवार को ये लोग फिर से छोटूलाल के घर पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने छोटूलाल से दो खाली चेक पर हस्ताक्षर करवाए और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। इस घटनाक्रम के बाद छोटूलाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा है।