बस्सी में जर्जर सड़क बनी हादसों का सबब, छात्र-छात्राओं की पुकार—साहब, आखिर कब भरेंगे गड्ढे?

बस्सी में स्कूल, पुलिस थाना और सरकारी कार्यालयों के मुख्य मार्ग पर बने गहरे गड्ढों से हादसों का खतरा बढ़ गया है। मरम्मत को लेकर पीडब्ल्यूडी और ग्राम पंचायत ने क्या कहा, पढ़ें पूरी खबर।

Update: 2026-07-08 08:45 GMT

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ के बस्सी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का मुख्य द्वार और उसके सामने सड़क पर बड़े गड्ढे में भरा पानी नजर आ रहा है।

बस्सी में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मुख्य द्वार, बिजली विभाग, जलदाय विभाग और पुलिस थाने की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग तथा चौराहे पर बनी सड़क अब विकास नहीं, बल्कि हादसों की वजह बनती जा रही है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरने से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। राहगीर, वाहन चालक और स्कूल के छात्र-छात्राएं लंबे समय से गड्ढों को भरने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि पीडब्ल्यूडी विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार करता नजर आ रहा है।

चौराहे के आसपास के व्यापारियों ने बताया कि गड्ढों में प्रतिदिन चार से पांच बाइक सवार फिसलकर गिर जाते हैं। स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं और बुजुर्गों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार बच्चों के कपड़े भी गंदे पानी के कारण खराब हो जाते हैं। विद्यार्थियों को गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा के साथ-साथ पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। गड्ढों की मरम्मत नहीं होने से ग्रामवासियों में भी आक्रोश है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में भारी लदे वाहन गुजरते हैं, जिससे सड़क पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

पीडब्ल्यूडी विभाग के जेईएन शिवम साहू ने बताया कि मुख्य चौराहे और स्कूल के बाहर बने बड़े गड्ढों की जानकारी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि तीन-चार दिनों में वर्क ऑर्डर आने के बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

वहीं, ग्राम विकास अधिकारी प्रहलाद धाकड़ ने कहा कि गंदे पानी की निकासी के लिए ग्राम पंचायत की ओर से पाइप डाले जाएंगे, जिससे भविष्य में पानी सड़कों पर नहीं आएगा। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन बिछने के बाद ग्रामवासियों और व्यापारियों को राहत मिलेगी।

Tags:    

Similar News