रामद्वारा में सतगुरु प्रसादम अन्न क्षेत्र का शुभारंभ, श्रद्धालुओं को मिलेगी निःशुल्क भोजन सेवा
चित्तौड़गढ़ रामद्वारा में सतगुरु प्रसादम अन्न क्षेत्र का शुभारंभ हुआ। संतों और श्रद्धालुओं के लिए नियमित निःशुल्क भोजन प्रसाद सेवा शुरू की गई।
तस्वीर में संत दिग्विजयराम चित्तौड़गढ़ के रामद्वारा में अन्न क्षेत्र का फीता काटकर उद्घाटन कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के स्थानीय रामद्वारा में संत भगतराम धार्मिक सेवा संस्थान के तत्वावधान में सतगुरु प्रसादम अन्न क्षेत्र का विधिवत शुभारंभ संत दिग्विजयराम के सानिध्य में हुआ। शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
संत दिग्विजयराम ने बताया कि रामस्नेही संप्रदाय में चित्तौड़गढ़ पहला ऐसा रामद्वारा है, जहां संतों एवं आगंतुक श्रद्धालुओं के लिए नियमित रूप से दोपहर के समय निःशुल्क भोजन प्रसाद की सेवा शुरू की गई है। सतगुरु प्रसादम की परिकल्पना पूज्य संत भगतराम महाराज ने अपने जीवनकाल में की थी। इसकी शुरुआत द्वारका में आयोजित भागवत सप्ताह के दौरान हुई थी, जिसे देशभर के भक्तों का सहयोग प्राप्त हुआ।
उन्होंने बताया कि संप्रदाय के आचार्यश्री रामदयाल महाराज की भी इच्छा थी कि गुरुदेव की पुण्यतिथि के अवसर पर इस सेवा का शुभारंभ हो। आचार्यश्री के आशीर्वाद से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर फलाहारी प्रसाद के साथ सेवा का शुभारंभ किया गया था। रविवार को पूर्ण अन्न प्रसाद की व्यवस्था के साथ अन्न क्षेत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस पुनीत सेवा कार्य में स्थानीय सांसद सी.पी. जोशी एवं विधायक चंद्रभान का सहयोग एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। संत दिग्विजयराम ने कहा कि संत भगतराम धार्मिक सेवा संस्थान का मूल उद्देश्य भूखे को भोजन और पक्षियों को दाना उपलब्ध कराना है। गुरुदेव की कृपा एवं भक्तजनों के सहयोग से इस सेवा को निरंतर जारी रखने का संकल्प है।
भागवत सप्ताह के छठे दिवस पर मुंबई, अहमदाबाद, नडियाद, इंदौर, संतरामपुर, उदयपुर, नीमच, मनासा, भीलवाड़ा, कपासन सहित चित्तौड़गढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण के साथ सतगुरु प्रसादम का प्रसाद ग्रहण किया। चित्तौड़गढ़ रामद्वारा में शुरू हुई यह सेवा संतों एवं आगंतुक श्रद्धालुओं के लिए नियमित निःशुल्क भोजन प्रसाद की व्यवस्था के रूप में जारी रखने का संकल्प है।