तस्वीर में पुलिस अधिकारी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कांफ्रेंस कक्ष में मेज के चारों ओर बैठे हैं।

महिला सुरक्षा, यातायात नियमों की पालना, नशा मुक्ति और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित अन्वेषण भवन में जिले के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में पुलिस के जन-जागरूकता अभियानों के प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर के सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया आमजन तक जागरूकता संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से महिला एवं बालिका सुरक्षा, यातायात नियमों की पालना, नशे के दुष्परिणाम और साइबर ठगी से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

बैठक में साइबर ठगी से बचाव के लिए ओटीपी, बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत करने संबंधी जागरूकता फैलाने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करने तथा समाजहित से जुड़े जागरूकता संदेशों के व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा, साइबर थाना प्रभारी डीवाईएसपी रविंद्र प्रताप सिंह, पुलिस निरीक्षक सुमन कुमार, महिला थाना अधिकारी रेणु खोइवाल, सोशल मीडिया सेल के एएसआई सत्यनारायण एवं महिला कांस्टेबल कांता सहित जिले के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर उपस्थित रहे। बैठक में महिला एवं बालिका सुरक्षा, यातायात नियमों की पालना, नशे से बचाव और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया की प्रभावी भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।

Tags: