चित्तौड़गढ़ नगर परिषद उपसभापति चुनाव: BJP के सुदर्शन रामपुरिया जीते
रामपुरिया ने कांग्रेस के मोहम्मद इब्राहिम को 13 वोटों से हराया, इंदौर की तर्ज पर चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ बनाने की योजना।
तस्वीर में सुदर्शन रामपुरिया को साफा पहने और समर्थकों द्वारा माला पहनाते हुए देखा जा सकता है।
चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के उपसभापति पद के बहुप्रतीक्षित चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुदर्शन रामपुरिया ने 13 मतों के अंतर से जीत हासिल कर पद पर कब्जा किया। कुल 60 मतों में से रामपुरिया को 36 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद इब्राहिम को 23 वोट प्राप्त हुए। एक मत खारिज हो गया। परिणाम के साथ ही नगर परिषद में भाजपा का बहुमत और मजबूत हो गया।
उपसभापति पद के लिए मंगलवार सुबह निर्धारित समय पर नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। भाजपा की ओर से सुदर्शन रामपुरिया और कांग्रेस की ओर से मोहम्मद इब्राहिम ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर में पार्षदों ने मतदान किया। मतदान और मतगणना पूरी होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी राजलक्ष्मी गहलोत ने परिणाम घोषित किया। इसमें सुदर्शन रामपुरिया को 36 और मोहम्मद इब्राहिम को 23 मत मिले, जबकि एक मत खारिज हुआ।
परिणाम की आधिकारिक घोषणा होते ही नगर परिषद परिसर के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया।
नगर परिषद के मुख्य द्वार पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी, उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया एवं सभी निर्वाचित पार्षदों का साफा पहनाकर और फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित उपसभापति को शुभकामनाएं दीं।
जीत के बाद सुदर्शन रामपुरिया ने पार्टी नेतृत्व, शीर्ष नेताओं और सभी पार्षदों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की पूरी टीम शहर के सर्वांगीण विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगी।
रामपुरिया ने कहा कि चित्तौड़गढ़ को इंदौर जैसा स्वच्छ शहर बनाने का प्रयास किया जाएगा, जिसके लिए कार्ययोजना तैयार है। उन्होंने शहर के विकास और स्वच्छता को लेकर मिल-जुलकर काम करने की बात कही।
उपसभापति के चुनाव की प्रक्रिया के दौरान उपाधीक्षक ब्रजेश सिंह, थानाधिकारी रजनीश, सदर प्रभारी प्रेम सिंह सहित पुलिस जाप्ता तैनात रहा।
नगर परिषद में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनने के बाद नवनिर्वाचित सभापति अनिल ईनाणी आज विधिवत रूप से सभापति पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे। पदभार ग्रहण करने के बाद शाम 4 बजे भरत बाग में पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या एवं भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में चित्तौड़गढ़ की जनता ने भाजपा को अपना विश्वास और स्पष्ट जनादेश दिया है। अब इस विश्वास को शहर के विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और सुव्यवस्थित नगर व्यवस्था के रूप में धरातल पर उतारना नए बोर्ड की प्राथमिकता होगी।
सभापति ईनाणी के नेतृत्व में नगर परिषद द्वारा स्वच्छता, सड़क एवं नाली व्यवस्था, यातायात सुधार, शहर के सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पार्कों के विकास तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसे विषयों पर प्राथमिकता से कार्य करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
सभापति ईनाणी ने निर्वाचन के बाद शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नागरिकों से मिलने वाले सुझावों को प्राथमिकता देते हुए चित्तौड़गढ़ के विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य योजनाबद्ध तरीके से किए जाएंगे।
पदभार ग्रहण समारोह में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, नवनिर्वाचित पार्षद, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।