बेगूं में देव झूलनी एकादशी पर निकला भव्य जुलूस, 27 बेवाणों का पूजन
चित्तौड़गढ़ के बेगूं नगर में देवरा बावड़ी स्थित दिलकुश बाग कुंड पर पूजा-अर्चना के बाद झांकियों को झुलाया गया, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।
तस्वीर में प्राचीन कुंड के किनारे धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भीड़ एकत्रित नजर आ रही है।
बेगूं। (प्रातःकाल संवाददाता)। देव झूलनी एकादशी के पावन अवसर पर बुधवार को बेगूं नगर में भव्य धार्मिक जुलूस निकाला गया। नगर के 27 मंदिरों के चांदी के बेवाण श्रद्धालुओं ने कंधों पर उठाकर मुख्य मार्गों से भ्रमण कराया। जुलूस के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बेवाणों का स्वागत किया गया। भगवान के जयकारों और भजनों से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।
जुलूस के दौरान सभी बेवाण केसरिया चौक में एकत्रित हुए। इसके बाद देवरा बावड़ी स्थित दिलकुश बाग के प्राचीन कुंड पर भगवान की झांकियों को विधिवत झुलाया गया। यहां पूजा-अर्चना, आरती एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इसके बाद श्रद्धालुओं ने कुंड में स्नान का आनंद लिया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिवार की ओर से पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप डीडवानिया ने साफा बांधकर व्यायामशाला के पहलवानों का स्वागत किया। इस दौरान पहलवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाशचंद्र शर्मा, बजरंग व्यायामशाला अध्यक्ष शंभूलाल डीडवानिया, लाभचंद शर्मा, सत्यपाल शिल्पकार, सत्यनारायण डीडवानिया, योगेश डीडवानिया, राकेश गुरुजी, कुलदीप डीडवानिया सहित कई लोग मौजूद रहे।
धार्मिक जुलूस को लेकर प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। मौके पर एसडीएम अंकित सामरिया, डीएसपी अंकित कुड़ी, तहसीलदार गोपाल जीनगर, नायब तहसीलदार नानालाल धाकड़, थानाधिकारी चंपाराम सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। 27 मंदिरों के चांदी के बेवाणों की मौजूदगी और श्रद्धालुओं की भागीदारी से देव झूलनी एकादशी का धार्मिक आयोजन नगर में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।