चित्तौड़गढ़ के शांति भवन सेंती में आयोजित महामांगलिक जाप साधना एवं धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित महिला श्रद्धालु।   

चित्तौड़गढ़। शहर के शांति भवन सेंती में मंगलवार को जैन समाज के श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महामांगलिक जाप साधना का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर जैन सिद्धांताचार्य एवं मधुर गायिका साध्वी प्रतिभा के मुखारविंद से श्रद्धालुओं ने महामांगलिक पाठ का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। साध्वी के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में सांसद सीपी जोशी, अनिल ईनाणी, उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया, कन्हैयालाल रामपुरिया, नीलेश पटवारी, पवन पटवारी, हंसराज पटवारी, लक्ष्मी लाल चंडालिया और अनिल पोखरना सहित जैन समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रोशनलाल चोपड़ा ने बताया कि महासाध्वी प्रतिभा नवरात्रि प्रारंभ होने से अब तक मौन साधना के साथ बंद कमरे में कठोर तप और साधना में संलग्न रही हैं। नौ दिवसीय अखंड मौन साधना का यह लगातार 18वां वर्ष रहा। इस साधना के माध्यम से उन्होंने अपनी आध्यात्मिक साधना की निरंतरता बनाए रखी।

इस अवसर पर साध्वी प्रतिभा श्री ने कहा कि महामांगलिक पाठ के माध्यम से जीवन में सुख, शांति और सकारात्मकता के साथ आध्यात्मिक ऊर्जा के संचार में वृद्धि होती है। महामांगलिक जाप साधना के आयोजन में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘आगम के अंश’ पुस्तक का भव्य विमोचन रहा। महामांगलिक जाप साधना, साध्वी प्रतिभा की नौ दिवसीय अखंड मौन साधना और पुस्तक विमोचन के साथ शांति भवन सेंती में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Tags: