बड़ी सादड़ी के लिंकोड़ा गांव में अदमालिया भेरू जी मेले में जुटे श्रद्धालु।

बड़ी सादड़ी क्षेत्र के लिंकोड़ा गांव में अदमालिया भेरू जी बावजी का नवरात्रि मेला हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ संपन्न हुआ। मेले के समापन पर मंदिर में यज्ञ-हवन किया गया। इसके बाद श्रद्धालु हाउसिंग बोर्ड में बने नाले पर पहुंचे, जहां आने वाले वर्ष में बारिश, बीमारियों और संभावित संकटों को लेकर पारंपरिक भविष्यवाणी की गई।

धार्मिक परंपरा के अनुसार, इस आयोजन में आने वाले वर्ष की परिस्थितियों का अनुमान लगाया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, इस भविष्यवाणी के आधार पर किसान फसलों को लेकर अपनी तैयारियां करते हैं और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां की भविष्यवाणियां हर साल खरी उतरती हैं।

इस बार दीपावली के आसपास बारिश होने की संभावना जताई गई। यह भविष्यवाणी भोपा जी उदय लाल डांगी द्वारा की गई। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।

लिंकोड़ा, सुल्तानपुर, करजू, बंबोरावली का खेड़ा, साथोला, बड़ी सादड़ी, बघेली का खेड़ा, बोरखेड़ा, रति तलाई, सेमल खेड़ा सहित आसपास के अन्य गांवों से लोग मेले में पहुंचे। आयोजन में विभिन्न गांवों के श्रद्धालुओं की भागीदारी रही।

मेले के समापन पर भोपा जी उदय लाल डांगी ने उपस्थित सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया। आयोजन की जानकारी गांव के समाजसेवी एवं अध्यापक भंवर लाल मेघवाल ने दी। अदमालिया भेरू जी बावजी के मंदिर में आयोजित यह मेला ग्रामीण आस्था, कृषि परंपराओं और आने वाले मौसम को लेकर प्रचलित मान्यताओं से जुड़ा रहा।

Tags: