चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर थाना क्षेत्र में बाड़े का ताला तोड़कर गाय और बछड़ा चोरी करने के आरोप में पुलिस ने फलासिया खालसा निवासी दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।   

चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर में गाय और बछड़े की चोरी के मामले में थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फलासिया खालसा गांव में हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर चोरी गए 1 लाख 25 हजार रुपये मूल्य के गाय और बछड़े को बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों में धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फलासिया खालसा निवासी किशन लाल पुत्र भैरू लाल जाट ने भूपालसागर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि उसने बिलाड़ा (जोधपुर) से दो गाएं खरीदी थीं और उन्हें अपने नोहरे में बांध रखा था। 7 अक्टूबर की सुबह जब वह नोहरे पर पहुंचा तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर 1 लाख 25 हजार रुपये कीमत की एक गाय और उसका बछड़ा गायब मिले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष रणजीत सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्रों के साथ मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

तकनीकी अनुसंधान और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल कमलेश पुत्र नन्दलाल पालीवाल, उम्र 26 वर्ष, तथा राजू पुत्र माधव लाल जाट, उम्र 26 वर्ष, दोनों निवासी फलासिया खालसा, को नामजद कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सूने बाड़े का ताला तोड़कर गाय और बछड़ा चोरी करने की बात कबूल की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए गाय और बछड़े को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए।

इस कार्रवाई में सउनि लालूराम, सउनि तेजमल, कानि. अनिल की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में कानि. राजमल और कानि. माघव लाल भी शामिल रहे। भूपालसागर थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरी के मामले का खुलासा कर मवेशियों की बरामदगी की है।

Tags: