विजयादशमी पर आशीर्वाद हनुमान मंदिर में हवन-पूजन करते श्रद्धालु।   

बड़ी सादड़ी। निकुंभ कस्बे के बस स्टैंड स्थित श्री आशीर्वाद हनुमान जी मंदिर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित 10 दिवसीय 24वें अखंड रामायण पाठ का विजयादशमी पर्व पर समापन हुआ। इस अवसर पर हवन-पूजन, मंगल महाआरती, कन्या पूजन और सामूहिक पाठी भोज का आयोजन किया गया।

श्री राम सत्संग सेवा परिषद के अध्यक्ष प्रेम सिंह सिसोदिया ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल बालाजी के अभिषेक और मंगल आरती से हुई। इसके बाद रामचरितमानस की संगीतमय चौपाइयों के साथ सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ किया गया। इस दौरान पाठ का अर्थ सहित वाचन भी हुआ।

धार्मिक अनुष्ठान के तहत पंडित जमनालाल मेनारिया ने हवन-पूजन संपन्न करवाया। मुख्य पुजारी अशोक दास वैष्णव ने बालाजी की महाआरती में सहयोग किया। मुख्य यजमान रूप बसंत सोनी ने सपरिवार हवन-पूजन में भाग लिया। मंदिर मंडल के सदस्यों ने भी हवन में आहुतियां अर्पित कीं।

हवन-पूजन के बाद बालाजी को प्रसाद का भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इसके पश्चात कन्या पूजन और सामूहिक पाठी भोज के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मंदिर मंडल परिषद के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

10 दिवसीय अखंड रामायण पाठ के दौरान प्रतिदिन सहयोग करने वाले पाठियों के प्रति श्री राम सत्संग सेवा परिषद के सचिव कैलाश चंद्र गर्ग ने आभार व्यक्त किया। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के साथ मंदिर में शारदीय नवरात्रि के तहत चल रहे 24वें अखंड रामायण पाठ का समापन हुआ।

Tags: