मनसा वाचा महादेव व्रत का उद्यापन, आकोला में 51 क्विंटल चूरमे का भोग
कस्बे के विभिन्न शिवालयों में 616 से अधिक व्रतधारियों ने विधि-विधान के साथ मनसा वाचा व्रत का उद्यापन किया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आकोला कस्बे के शिवालय में मनसा वाचा महादेव व्रत उद्यापन के अवसर पर बड़ी संख्या में एकत्र श्रद्धालु।
आकोला कस्बे में मनोकामना सिद्धि के लिए चार माह तक किए जाने वाले विधान पूर्ण मनसा वाचा महादेव व्रत का उद्यापन शुक्रवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष चतुर्थी के अवसर पर श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान महादेव के विभिन्न शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, हवन-यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। उद्यापन के अवसर पर 51 क्विंटल गुड़ के चूरमे का भोग लगाया गया। कस्बे सहित आसपास के गांवों में 616 से अधिक व्रतधारियों ने विधि-विधान से व्रत का उद्यापन किया।
उद्यापन के लिए सुबह से ही व्रतधारी शिवालयों में पहुंचने लगे। शुभ मुहूर्त में मंशापूर्ण महादेव की पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप होता रहा और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। जिन स्थानों पर पीपल वृक्ष की पूजा की परंपरा है, वहां भी विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए गए।
व्रत धारण करते समय सूत की कुंकड़ी, सुपारी और सिक्कों से निर्मित महादेव की प्रतिमा को उद्यापन के लिए घर से मंदिर लाया गया। मंदिरों में पंचामृत से प्रतिमा का अभिषेक किया गया। इसके बाद पुष्प सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर गुड़ से बने चूरमे का भोग लगाया गया। पूजा-अर्चना के बाद व्रतधारियों ने मंदिरों में ही महादेव व्रत की कथा का श्रवण किया। कथा के बाद महिलाओं ने कीर्तन और भक्ति गीत प्रस्तुत किए। व्रत का उद्यापन करने वालों में युवा, महिलाएं और पुरुष भी शामिल रहे।
पारंपरिक विधान के अनुसार चूरमा तैयार करने के लिए सवा सेर आटा, सवा सेर गुड़ और एक सेर घी का उपयोग किया गया। तैयार चूरमे को चार भागों में बांटा गया। पहला भाग महादेव को अर्पित किया गया, दूसरा गाय को खिलाया गया, तीसरा ब्राह्मण को दिया गया और चौथा भाग व्रतधारियों के लिए रखा गया। इसके साथ ही सामूहिक रूप से 51 क्विंटल गुड़ के चूरमे का प्रसाद तैयार कर महादेव को भोग लगाया गया।
कस्बे के सीमेंट रोड स्थित आण महादेव, मालियों का चारभुजा मंदिर, भट्टवाड़ा कुई, खारोल चौक, बेड़च नदी के तट पर स्थित श्वेत बंध रामेश्वर महादेव मंदिर, जवाहर नगर कॉलोनी, यादव कॉलोनी और थाने के पास स्थित त्रंबकेश्वर महादेव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में धार्मिक आयोजन हुए। मंदिर परिसरों में हवन-यज्ञ भी आयोजित किए गए। त्रंबकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पंडित श्याम सुंदर सुखवाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन की पूर्णाहुति करवाई।
आकोला के साथ ताणा, कानड़ खेड़ा, चोरवाड़ी, करजाली, हीराजी खेड़ा, गुन्दली, रायपुरिया कला, सुरता खेड़ा, कांकरवा, पटोलिया सहित आसपास के गांवों में भी मनसा पूर्ण महादेव व्रत का उद्यापन किया गया। इन सभी क्षेत्रों में 616 से अधिक व्रतधारियों ने धार्मिक परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना और यज्ञ के साथ व्रत पूर्ण किया। इस दौरान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ घरों में यज्ञ संपन्न करवाए।
आकोला कस्बे में इस अवसर पर बड़ी मात्रा में चूरमा तैयार किया जाता है। अधिकांश घरों में प्रसाद की इतनी अधिक व्यवस्था रहती है कि शाम को अलग से भोजन बनाने की आवश्यकता भी नहीं पड़ती। अनुमान के अनुसार अप्रत्यक्ष रूप से करीब दस हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। व्रतधारियों के घरों में तड़के से ही चूरमा बनाने की तैयारियां शुरू हो गई थीं। कई घंटों तक चले धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान शिवालयों में 'ॐ नमः शिवाय' के मंत्र गूंजते रहे और भोलेनाथ के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस व्रत के विधान में 16 सोमवार तक व्रत और पूजा-अर्चना करने की विधि बताई गई है। मान्यता है कि व्रत का प्रसाद व्रतधारी अपने घर में रात के समय नहीं रख सकते। इस व्रत को परिवार में सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना से किया जाता है। क्षेत्र में मनसा वाचा व्रत के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है और हर वर्ष व्रतधारियों की संख्या में वृद्धि हो रही है।