बेगूं में एक वोट से जीते कांग्रेस प्रत्याशी शंकरलाल गुर्जर चुनाव प्रक्रिया के दौरान कागजात पढ़ते हुए।  

बेगूं विधानसभा क्षेत्र की दो पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को उजागर कर दिया। बेगूं पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी शंकरलाल गुर्जर ने महज एक वोट के अंतर से जीत दर्ज कर प्रधान पद हासिल किया, जबकि भैंसरोड़गढ़ में कांग्रेस की बागी प्रत्याशी तनु जैन ने पार्टी की अधिकृत उम्मीदवार ज्योत्सना कंवर को पराजित कर सबको चौंका दिया। खास बात यह रही कि भैंसरोड़गढ़ में भाजपा ने अपना प्रत्याशी तक मैदान में नहीं उतारा।

बेगूं पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए हुए मतदान में कांग्रेस के शंकरलाल गुर्जर और भाजपा की चंदनबाला धाकड़ के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। शंकरलाल गुर्जर को 9 वोट मिले, जबकि चंदनबाला धाकड़ के पक्ष में 8 मत पड़े। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी ने महज एक वोट से जीत हासिल कर बेगूं पंचायत समिति के नवनिर्वाचित प्रधान बनने का गौरव प्राप्त किया। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।


वहीं, भैंसरोड़गढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद का चुनाव कांग्रेस के लिए आंतरिक राजनीतिक चुनौती बनकर सामने आया। यहां कांग्रेस से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरी तनु जैन ने पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी ज्योत्सना कंवर को शिकस्त दी। तनु जैन को 10 वोट मिले, जबकि ज्योत्सना कंवर को महज 5 मत प्राप्त हुए। इस चुनाव में भाजपा ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था।

भैंसरोड़गढ़ के चुनाव परिणाम को लेकर एक और महत्वपूर्ण राजनीतिक पहलू सामने आया है। तनु जैन के काका ससुर पारस जैन कांग्रेस के कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष हैं। वहीं, पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुईं कालू लाल भील की पत्नी भी कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष हैं। ऐसे में कांग्रेस से जुड़े परिवारों के लोगों का बागी होकर चुनाव मैदान में उतरना पार्टी के भीतर प्रत्याशी चयन और संगठनात्मक तालमेल को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।

दोनों पंचायत समितियों के परिणामों को पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी के खेमे की रणनीति के लिए भी झटके के तौर पर देखा जा रहा है। राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार, विधूड़ी खेमा तनु जैन को प्रधान पद पर नहीं देखना चाहता था। इसके बावजूद तनु जैन को 10 वोट और पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी ज्योत्सना कंवर को केवल 5 वोट मिलने से चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए। इस नतीजे को विधूड़ी खेमे के लिए करारा झटका माना जा रहा है।

बेगूं विधानसभा क्षेत्र की दोनों पंचायत समितियों में आए इन नतीजों ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति, प्रत्याशी चयन और स्थानीय नेताओं के बीच आपसी तालमेल की स्थिति को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। बेगूं में एक वोट के अंतर से कांग्रेस की जीत और भैंसरोड़गढ़ में अधिकृत प्रत्याशी को हराकर बागी उम्मीदवार के प्रधान बनने से साफ हुआ कि इन चुनावों में पार्टी के आधिकारिक फैसले के साथ-साथ स्थानीय राजनीतिक समीकरण और पंचायत समिति सदस्यों का समर्थन भी निर्णायक साबित हुआ।

Tags: