पंचायत समिति परिसर के बाहर हाथ उठाए खड़े कांग्रेस सदस्य और नेता डूंगला प्रधान चुनाव के संदर्भ में दिख रहे हैं।

डूंगला पंचायत समिति में 21 साल के लंबे अंतराल के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर अपना कब्जा जमाया है। पंचायत समिति की कुल 17 सीटों में से 11 सीटों पर जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित प्रधान पद पर गीता देवी गुर्जर को अपना प्रत्याशी बनाया। पार्टी के सभी सदस्यों के समर्थन से गीता देवी गुर्जर प्रधान निर्वाचित हुईं।

लंबी राजनीतिक खींचतान के बाद कांग्रेस ने जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए किसान कोम से आने वाली गीता देवी गुर्जर के नाम पर सहमति जताई और उन्हें प्रधान पद का प्रत्याशी घोषित किया। कांग्रेस के सभी 11 सदस्यों ने एकजुट होकर उनका समर्थन किया।

प्रधान पद के चुनाव के लिए कांग्रेस के सभी सदस्य विधानसभा प्रत्याशी बद्रीलाल जाट और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह झाला के साथ निर्धारित समय से चार मिनट पहले दोपहर 3 बजे पंचायत समिति परिसर स्थित मतदान केंद्र पहुंच गए। यहां नियमानुसार मतदान प्रक्रिया पूरी हुई। इसके बाद करीब 3:30 बजे भाजपा के सभी छह सदस्य मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की ओर से गीता देवी गुर्जर प्रत्याशी थीं, जबकि भाजपा ने वार्ड संख्या 5 से निर्वाचित गेहरी लाल जणवा को मैदान में उतारा था। मतदान में गीता देवी गुर्जर को कांग्रेस के सभी 11 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी गेहरी लाल जणवा को पार्टी के सभी छह सदस्यों के मत प्राप्त हुए। इस तरह गीता देवी गुर्जर ने पांच मतों के अंतर से जीत दर्ज कर डूंगला पंचायत समिति के प्रधान पद पर कब्जा किया।

कांग्रेस के 11 निर्वाचित सदस्यों में से सात सदस्य ओबीसी समुदाय से हैं। इसी समीकरण को देखते हुए चुनाव से पहले प्रधान पद के लिए पार्टी के भीतर खींचतान और क्रॉस वोटिंग की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, मतदान के दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों में क्रॉस वोटिंग नहीं हुई। सभी सदस्यों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया। इसके साथ ही क्षेत्र में चल रही क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं पर भी विराम लग गया।

इस जीत के साथ ही डूंगला पंचायत समिति में 21 साल बाद कांग्रेस को प्रधान पद हासिल हुआ है। गीता देवी गुर्जर के निर्वाचन से पंचायत समिति की कमान एक बार फिर कांग्रेस के हाथों में आ गई है।

Tags: