बाईं ओर संत दिग्विजयराम महाराज और दाईं ओर केकड़ी में श्रीमद्भागवत कथा सुनती महिला श्रद्धालु दिख रही हैं।   

केकड़ी। मनुष्य को अपने कर्मों का फल स्वयं ही भोगना पड़ता है। पाप और पुण्य में किसी की साझेदारी नहीं होती। परमात्मा से जुड़ने के लिए मौन को सर्वश्रेष्ठ माध्यम माना गया है और वही संबंध सार्थक है, जिसमें भक्ति का अंश हो। यह विचार संत दिग्विजयराम महाराज ने केकड़ी के कटारिया ग्रीन में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन व्यासपीठ से व्यक्त किए।

राम अवतार, अशोक कुमार, विजय कुमार, अजय कुमार एवं कैलाश चंद्र पाटोदिया विजयवर्गीय परिवार की ओर से आयोजित कथा में संत ने कहा कि दुनिया से बात करने के लिए भले ही फोन का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन परमात्मा से संवाद के लिए मौन ही सर्वश्रेष्ठ है। संस्कारों के अभाव में सब कुछ नष्ट हो जाता है।

भक्त ध्रुव के चरित्र का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि ध्रुव ने जीवन में अनेक कष्ट सहने के बावजूद भगवान पर अपना भरोसा बनाए रखा। उनके दर्शन मात्र से राजा उत्थान पात्र को वैराग्य उत्पन्न हो गया था। जिस व्यक्ति की लगन भगवान में लग जाती है, उसका विश्वास तूफान भी नहीं डिगा सकता। आराध्य पर भरोसा रखने वाला व्यक्ति जीवन के अनेक कष्टों और विपरीत परिस्थितियों से बाहर निकल जाता है।

संत दिग्विजयराम महाराज ने माता के महत्व पर कहा कि दुनिया में पुत्र कुपुत्र हो सकता है, लेकिन माता कभी कुमाता नहीं होती। मां वही है, जो अपने बच्चों को संस्कारों से परिपूर्ण करे। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में पेट और पेटी भरने की शिक्षा तो दी जाती है, लेकिन माता-पिता का सम्मान करने के संस्कार नहीं सिखाए जाते।

राजा पृथु के प्रसंग में संत ने कहा कि पृथु ने जीवन जीने की हर परिकल्पना को पूरा किया। भगवान का गुणगान सुनने के लिए उन्होंने भगवान यज्ञ नारायण से दस हजार कानों के समान श्रवण क्षमता मांगी थी। मानव देह इतनी दुर्लभ है कि देवता भी इसके लिए तरसते हैं। मनुष्य को शरीर और जीवन बहुत कम समय के लिए मिलता है। जीव की आधी उम्र तो नींद में ही बीत जाती है।

उन्होंने मौन को शास्त्रों में सर्वश्रेष्ठ बताया और कहा कि रंग अनेक हैं, लेकिन सफेद रंग को शांति का प्रतीक माना गया है। मनुष्य संसार में एक यात्री बनकर आता है। जीवन यात्रा पूरी करने के लिए राम नाम का टिकट होना जरूरी है। राम नाम लौकिक और अलौकिक दोनों जगतों की यात्रा करवाता है। भगवत आश्रय से ही जीवन सफल होता है।

भागवत पुराण का उल्लेख करते हुए संत ने कहा कि कोई भी ग्रंथ जीव हिंसा की अनुमति नहीं देता। प्रत्येक जीव बुद्धि के संसर्ग में आकर क्रिया करता है। मनुष्य की जैसी वृत्ति होती है, उसका जीवन भी वैसा ही बन जाता है। गृहस्थ जीवन उत्तम माना गया है, लेकिन इसमें अत्यधिक आसक्त नहीं होना चाहिए। शाश्वत संबंध वही हैं, जो मनुष्य को भक्ति का आचरण करवाते हैं।

युगों की विशेषताओं का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि सतयुग को धर्म, त्रेतायुग को कर्म, द्वापर युग को भक्ति और कलियुग को मतलब का युग कहा गया है। कलियुग में धन-दौलत रखने वाले व्यक्ति की ही पूछ होती है, लेकिन जिस दिन प्रभु के घर से बुलावा आता है, उस समय धन-दौलत साथ नहीं जाती। जीव के साथ केवल उसके पाप और पुण्य ही जाते हैं।

कथा के दौरान मंच संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया, जबकि फोटोग्राफी का कार्य इंदौर के सुनील प्रजापत ने किया। श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

Tags: