आरटीई भुगतान में देरी से निजी स्कूल संचालकों में आक्रोश, 30 नवंबर तक का अल्टीमेटम
| चित्तौड़गढ़ के करीब 550 निजी स्कूलों को आरटीई पुनर्भरण की एक भी किश्त नहीं मिली है। 100 से अधिक संचालकों ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर 30 नवंबर तक भुगतान की मांग की, अन्यथा तालाबंदी और कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
चित्तौड़गढ़। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों को मिलने वाली पुनर्भरण राशि का भुगतान नहीं होने से जिले के निजी स्कूल संचालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बकाया भुगतान की मांग को लेकर गुरुवार को 100 से अधिक निजी स्कूल संचालकों ने शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंचकर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और भुगतान में हो रही देरी पर जवाब मांगा।
स्कूल संचालकों ने ज्ञापन के माध्यम से आरटीई पुनर्भरण राशि नहीं मिलने से उत्पन्न आर्थिक और व्यावहारिक समस्याओं से विभाग को अवगत कराया। उन्होंने जिले में भुगतान अटकने की वास्तविक वजह स्पष्ट करने और समस्या के शीघ्र समाधान के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले में प्रारंभिक शिक्षा के तहत आरटीई पुनर्भरण की अब तक एक भी किश्त विद्यालयों के खातों में जमा नहीं हुई है, जबकि आसपास के अन्य जिलों में दोनों किश्तों का भुगतान हो चुका है। जिले के सभी निजी विद्यालय विद्यार्थियों का भौतिक सत्यापन समय पर पूरा करने के साथ पोर्टल की सभी औपचारिकताएं पूरी कर क्लेम बिल भी विभाग को भेज चुके हैं। इसके बावजूद भुगतान विभागीय स्तर पर लंबित है।
संचालकों के अनुसार, इस संबंध में पूर्व में कई बार लिखित ज्ञापन दिए गए और राजस्थान संपर्क पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। इन लंबित मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर भी धरना जारी है।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश वैष्णव ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिले के करीब 550 स्कूल लंबे समय से आरटीई भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। विभागीय निर्देशों के अनुसार समय पर भौतिक सत्यापन और क्लेम बिल जमा कराने के बावजूद विद्यालयों को अब तक राशि नहीं मिली है। आसपास के जिलों में दोनों किश्तें जारी हो चुकी हैं, जबकि चित्तौड़गढ़ के किसी भी स्कूल को एक भी किश्त नहीं मिलना सीधे तौर पर प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। अब स्कूल संचालकों को सरकार से इस मामले में ठोस जवाब चाहिए। यदि 30 नवंबर से पहले भुगतान नहीं किया गया तो संचालक आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होंगे।
समस्त निजी विद्यालयों की ओर से चेतावनी दी गई है कि 30 नवंबर से पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जिले के सभी 550 स्कूलों का आरटीई पुनर्भरण भुगतान नहीं किया गया तो स्कूल संचालक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर तालाबंदी करेंगे। इसके साथ ही उग्र धरना-प्रदर्शन और विभागीय कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। संचालकों ने इस स्थिति की पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की तय की है। भुगतान को लेकर निजी स्कूल संचालकों ने अब 30 नवंबर तक की समय-सीमा तय करते हुए आगे की कार्रवाई का स्पष्ट संकेत दिया है।