उप जिला प्रमुख चुनाव: कांग्रेस के रामेश्वर लाल धाकड़ 28 मतों से विजयी
| जिला ग्रामीण विकास सभागार में शांतिपूर्ण मतदान के बाद प्रमाण पत्र व शपथ दिलाई गई, जिससे जिले में जिला परिषद नेतृत्व चयन की प्रक्रिया पूरी हो गई।
जिला परिषद चित्तौड़गढ़ सभागार में शपथ लेते व्यक्ति, महिला व अधिकारी उप जिला प्रमुख चुनाव के संदर्भ में दिख रहे हैं।
निम्बाहेड़ा। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद के उप जिला प्रमुख पद के निर्वाचन में इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी रामेश्वर लाल धाकड़ ने जीत दर्ज की। गुरुवार को हुए मतदान में धाकड़ को 28 मत मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी चन्दरी को 7 मत प्राप्त हुए। इस तरह रामेश्वर लाल धाकड़ उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए।
निर्वाचन प्रक्रिया जिला ग्रामीण विकास सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू की मौजूदगी में संपन्न हुई। निर्वाचन के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख रामेश्वर लाल धाकड़ को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया और उन्हें पद की शपथ दिलाई।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने बताया कि उप जिला प्रमुख पद के निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे शुरू हुई। इसके बाद दोपहर 3 बजे मतदान करवाया गया। पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचन के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों और निर्वाचन नियमों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की गई।
उप जिला प्रमुख पद के निर्वाचन के साथ ही जिले में जिला परिषद के नेतृत्व के चयन की प्रक्रिया भी पूरी हो गई।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू.अ.) राजलक्ष्मी गहलोत, विशेषाधिकारी रविंद्र मेघवाल सहित निर्वाचन संबंधी कार्मिक मौजूद रहे।