मंदिर प्रांगण में जमीन पर बैठकर वित्तीय साक्षरता शिविर में जानकारी लेते ग्रामीण।

बड़ी सादड़ी (प्रातःकाल संवाददाता)। नाबार्ड एवं भारतीय रिजर्व बैंक के वित्तीय समावेशन एवं विकास विभाग द्वारा संचालित मनीवाइज परियोजना के तहत रविवार को महादेव मंदिर प्रांगण, महिंगो का खेड़ा-बोहेड़ा में जनसुरक्षा योजनाओं से जुड़ाव एवं जनजागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ बैंकिंग सेवाओं से भी जोड़ा गया।

क्रिसील फाउंडेशन के सहयोग से संचालित वित्तीय साक्षरता केंद्र बड़ीसादड़ी के केंद्र प्रबंधक सोहन लाल मीणा ने ग्रामीणों को सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, कटे-फटे नोट बदलने की प्रक्रिया तथा बचत के महत्व के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया।

शिविर में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा बोहेड़ा के बीसी संचालक रामनिवास धाकड़ ने ग्रामीणों को विभिन्न बैंकिंग एवं जनसुरक्षा योजनाओं से जोड़ा। इस दौरान 15 लोगों का केवाईसी, 14 लोगों का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा 5 लोगों का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में जुड़ाव किया गया। वहीं 4 लोगों की डिजिटल बैंकिंग (यूपीआई) सेवा सक्रिय की गई।

शिविर में गुड्डा सिंह मीणा, ऊंकार लाल मीणा, रामेश्वर लाल मीणा, सत्यनारायण मीणा, माया मीणा, जानकी मीणा, वरदी बाई मीणा सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के समापन पर ग्रामीणों ने जनसुरक्षा योजनाओं की जानकारी एवं बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने का अवसर उपलब्ध कराने के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

Tags: