बड़ीसादड़ी-नीमच के बीच बस सेवा शुरू करने की मांग, रोडवेज को सौंपा ज्ञापन
उदयपुर-नीमच मार्ग पर बेहतर रोडवेज बस सेवाओं के संचालन से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सकेगी।
बड़ीसादड़ी-नीमच बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर रोडवेज मुख्य प्रबंधक को ज्ञापन सौंपते प्रतिनिधि।
बड़ीसादड़ी। उदयपुर और नीमच के बीच बस सेवा शुरू करने तथा बड़ीसादड़ी, छोटीसादड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों को बेहतर बस सुविधा से जोड़ने की मांग को लेकर बड़ीसादड़ी जैन मित्र मंडल उदयपुर की ओर से उदयपुर आगार के मुख्य प्रबंधक रोडवेज को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि उदयपुर डिपो की सुबह 5:30 बजे रवाना होने वाली बस बड़ीसादड़ी में सुबह 8:15 बजे पहुंचे। इसके बाद बस सुबह 8:30 बजे छोटीसादड़ी के लिए रवाना हो और छोटीसादड़ी से सुबह 9:30 बजे नीमच के लिए प्रस्थान करे। इस बस सेवा के संचालन से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
इसी प्रकार प्रतापगढ़ डिपो की बस को शाम 7:00 बजे नीमच से रवाना कर छोटीसादड़ी शाम 7:40 बजे पहुंचाने तथा वहां से शाम 7:50 बजे बड़ीसादड़ी के लिए रवाना करने की मांग की गई है। इस समय-सारणी के अनुसार बस रात 8:30 बजे बड़ीसादड़ी पहुंचेगी।
ज्ञापन में सुबह की एक अन्य बस सेवा का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके तहत बस सुबह 6:30 बजे बड़ीसादड़ी से रवाना होकर 7:15 बजे छोटीसादड़ी पहुंचे और वहां से सुबह 7:30 बजे नीमच के लिए प्रस्थान करे। बस के सुबह 8:15 बजे नीमच पहुंचने का समय प्रस्तावित किया गया है।
इसके साथ ही नीमच से छोटीसादड़ी, बड़ीसादड़ी, बोहेड़ा, बांसी, कानोड़, भीण्डर और खेरोदा तक बसों का संचालन तथा वापसी की बस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई।
जैन मित्र मंडल ने रोडवेज प्रबंधन के समक्ष इन बस सेवाओं के संचालन का प्रस्ताव रखते हुए क्षेत्र के यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के आवागमन को सुविधाजनक एवं सुरक्षित बनाने की आवश्यकता उठाई।