निंबाहेड़ा फुटबॉल एकेडमी का राष्ट्रीय स्तर पर दबदबा, U12 टीम बनी चैंपियन और U18 रही उपविजेता
उदयपुर में आयोजित नेशनल यूथ फुटबॉल टूर्नामेंट में निंबाहेड़ा की U12 टीम विजेता और U18 टीम उपविजेता रही।
निंबाहेड़ा फुटबॉल एकेडमी के खिलाड़ी ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र के साथ उदयपुर के टर्फ पर दिख रहे हैं।
उदयपुर में आयोजित तीन दिवसीय सेवन-ए-साइड नेशनल यूथ फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 में निंबाहेड़ा फुटबॉल एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नगर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में एकेडमी की U12 टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि U18 टीम उपविजेता रही। दोनों टीमों ने फाइनल तक पहुंचकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
ग्रासहॉपर्स स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट इनकॉरपोरेशन, हैदराबाद (इंडिया) के तत्वावधान में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक उदयपुर स्थित एसएस एरेना टर्फ में तीन दिवसीय सेवन-ए-साइड नेशनल यूथ फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया और लीग आधार पर मुकाबले खेले गए।
निंबाहेड़ा फुटबॉल एसोसिएशन के तालिब अहमद ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में निंबाहेड़ा नगर की प्रतिष्ठित निंबाहेड़ा फुटबॉल एकेडमी की U12, U16 एवं U18 आयु वर्ग की टीमों ने भाग लिया। लीग मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन के दम पर एकेडमी की U12 और U18 टीमों ने फाइनल में जगह बनाई।
U12 आयु वर्ग का फाइनल मुकाबला जी एंड आर एकेडमी, उदयपुर के साथ खेला गया। रोमांचक मुकाबले में निंबाहेड़ा फुटबॉल एकेडमी के मोहिउद्दीन खान और अरशान खान ने एक-एक गोल किया। दोनों खिलाड़ियों के गोल की बदौलत टीम ने 2-0 से जीत दर्ज कर विजेता का खिताब हासिल किया। इस आयु वर्ग में दाउद मेव को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया।
वहीं, U18 आयु वर्ग के फाइनल में भी निंबाहेड़ा फुटबॉल एकेडमी का सामना जी एंड आर एकेडमी, उदयपुर से हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ और निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। मुकाबला 0-0 से बराबर रहने के बाद टाईब्रेकर के जरिए परिणाम निकाला गया। इसमें उदयपुर की टीम ने सडन डेथ में 5-4 से जीत दर्ज की। इस तरह निंबाहेड़ा फुटबॉल एकेडमी की U18 टीम को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा। टीम के हैदर अली को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और गुलरेज़ खान पठान को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। निंबाहेड़ा फुटबॉल एकेडमी के साथ कोच के रूप में यूनिवर्सिटी खिलाड़ी मोहम्मद ज़ेद गौरी ने जिम्मेदारी निभाई। वहीं, अमन नवाज़ एवं अल्फेज़ खान टीम मैनेजर के रूप में टीम के साथ रहे।
टूर्नामेंट में U12 टीम की खिताबी जीत और U18 टीम के उपविजेता बनने की उपलब्धि से निंबाहेड़ा फुटबॉल एकेडमी के खिलाड़ियों, साथी खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। नगरवासियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।