चित्तौड़गढ़। डोडा चूरा तस्करी के वर्ष 2021 के मामले में करीब 2 साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी मनोहर सिंह को बस्सी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी टोंक जिले की निवाई थाना पुलिस की सहायता से की गई।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2021 को हाईवे रोड पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर एक पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली, जिसमें से 4 क्विंटल 500 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ था। इस मामले में थाना बस्सी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

प्रकरण की जांच और कार्रवाई के दौरान पुलिस पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, मामले में फरार चल रहे मनोहर सिंह पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। करीब 2 साल से उसकी तलाश की जा रही थी। आखिरकार बस्सी थाना पुलिस ने निवाई थाना पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोहर सिंह पुत्र जुगत सिंह देवराज, जाति राजपूत, निवासी सोलंकीया तला, थाना शेरगढ़, जिला जोधपुर ग्रामीण के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में एएसआई भेरूलाल, कांस्टेबल मटुल और नन्दकिशोर शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से वर्ष 2021 के डोडा चूरा तस्करी प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।

Tags: