देवदा स्कूल के पूर्व छात्र ने भेंट किए हारमोनियम और ढोलक
आंध्रप्रदेश में व्यवसायी गोपाल रावत ने मातृ संस्था के प्रति समर्पण दिखाते हुए 21 हजार रुपए के वाद्य यंत्र भेंट करने की घोषणा की है, जिससे प्रार्थना सभा संगीतमय होगी।
बड़ीसादड़ी के देवदा विद्यालय में पूर्व विद्यार्थी गोपाल रावत का सम्मान करते संस्था प्रधान व स्टाफ।
बड़ीसादड़ी। अपनी मातृ संस्था के प्रति लगाव और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिचय देते हुए देवदा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी एवं आंध्रप्रदेश में व्यवसाय कर रहे देवदा निवासी गोपाल रावत ने विद्यालय को 21 हजार रुपए की लागत के हारमोनियम और ढोलक भेंट करने की घोषणा की है। वे आगामी 26 जनवरी, 2027 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर ये वाद्य यंत्र विद्यालय को समर्पित करेंगे। इससे विद्यार्थियों की प्रार्थना सभा को अधिक प्रभावी और संगीतमय बनाने में सहयोग मिलेगा।
विद्यालय में करीब 15 वर्ष पूर्व अध्ययन कर चुके गोपाल रावत ने विद्यार्थियों की प्रार्थना सभा में संगीत और सामूहिक गायन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उच्च गुणवत्ता के हारमोनियम एवं ढोलक देने की पहल की है। उनके इस योगदान से विद्यार्थियों को संगीत के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से संस्था प्रधान पूरणदास वैष्णव के नेतृत्व में पूर्व विद्यार्थी एवं भामाशाह गोपाल रावत का सम्मान किया गया। संस्था प्रधान ने कहा कि विद्यालय को हारमोनियम और ढोलक मिलने से प्रार्थना सभा में संगीत एवं सामूहिक गायन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों की प्रतिभा को विकसित करने के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
भामाशाह गोपाल रावत ने भावुकता व्यक्त करते हुए कहा कि इस विद्यालय से उनका गहरा जुड़ाव है। विद्यालय के प्रति उनका बहुत कर्ज है और अपनी मातृ संस्था के लिए कुछ योगदान कर पाना उनके लिए अत्यंत प्रसन्नता एवं गौरव की बात है।
पूर्व विद्यार्थियों का अपनी शिक्षण संस्था के प्रति बढ़ता जुड़ाव भी सामने आ रहा है। हाल ही में देवदा विद्यालय में करीब 24 वर्ष पूर्व अध्ययन कर चुकी फाचर निवासी पूर्व छात्रा मुन्ना देवी डांगी ने दीपावली के अवसर पर विद्यालय को स्मार्ट टीवी भेंट करने की घोषणा की थी। वर्षों बाद अपनी मातृ संस्था से जुड़कर विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों की शैक्षिक गतिविधियों में सहयोग करने की ये पहलें सराहनीय हैं। ऐसे उदाहरण विद्यालय के प्रति पूर्व विद्यार्थियों के आत्मीय संबंधों को दर्शाने के साथ समाज के अन्य लोगों और पूर्व विद्यार्थियों को भी अपनी शिक्षण संस्था के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उदयलाल सुथार, जगदीश चंद्र चारण, राकेश शर्मा, लक्ष्मण ओड़, शिक्षिका रुचि दवे, प्रीतिका सोलंकी, शिक्षक नरेंद्र सिंह तंवर, रामलक्ष्मण नागर एवं शारीरिक शिक्षक जगदीश शर्मा उपस्थित रहे।