तस्वीर में सुपौल के पिपरा अंचल स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सखुआ का बाहरी परिसर और भवन दिखाई दे रहा है, जहां छात्र-छात्राएं और लोग नजर आ रहे हैं।

सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र की दीनापट्टी पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सखुआ में छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार और मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक वीडियो दिखाने के आरोप का मामला सामने आया है। मामले में विद्यालय के सहायक शिक्षक देवनंदन मेहता को पिपरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जाता है कि घटना 29 सितंबर की है। आरोप है कि शिक्षक ने विद्यालय की कुछ छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार किया और उन्हें मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक वीडियो दिखाया। छात्राओं ने घटना की जानकारी अपने स्वजन को दी। इसके बाद मामला ग्रामीणों और अभिभावकों तक पहुंचा, जिससे आक्रोश का माहौल बन गया।

गुरुवार को बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण विद्यालय परिसर पहुंच गए। लोगों ने शिक्षकों से मामले की जानकारी लेने की कोशिश की। देखते ही देखते विद्यालय परिसर में काफी भीड़ जुट गई। स्थिति की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। पुलिस ने संबंधित लोगों से पूछताछ की और अभिभावकों से घटना की जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी और शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित शिक्षक देवनंदन मेहता को गिरफ्तार कर लिया।

मामले को लेकर पीड़ित छात्राओं के अभिभावकों समेत अन्य लोगों की ओर से पुलिस को आवेदन दिया गया है। आवेदन में आरोपित शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विद्यालय प्रधान सुमन सौरभ ने बताया कि वह पैक्स चुनाव की ड्यूटी में थे। गुरुवार को उन्हें मामले की जानकारी मिली। इसी दौरान पुलिस भी विद्यालय पहुंची और आरोपित शिक्षक को अपने साथ ले गई।

पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने कहा कि शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित पक्ष की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।