औरंगाबाद में 5-डे बैंकिंग की मांग पर कर्मचारियों की हड़ताल, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
औरंगाबाद में बैंक कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली की मांग को लेकर एक दिन की हड़ताल की। पीएनबी मंडल कार्यालय के सामने प्रदर्शन के बाद 28-30 सितंबर की हड़ताल और 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी गई।
तस्वीर में औरंगाबाद में पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय के सामने यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले प्रदर्शन करते हुए बैंक अधिकारी और कर्मचारी नजर आ रहे हैं।
औरंगाबाद में बैंक कर्मचारियों ने शुक्रवार को पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली लागू करने की मांग को लेकर एक दिन की हड़ताल की। अपनी मांग पूरी नहीं होने से नाराज बैंक कर्मचारी पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय के सामने एकत्र हुए और प्रदर्शन कर नारेबाजी की। यह हड़ताल बैंकिंग यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले की गई।
बैंक कर्मचारियों के अनुसार सरकार और बैंक संगठनों के बीच पहले हुई बातचीत विफल रही है। इसी के चलते बैंक कर्मचारी देशभर में हड़ताल कर रहे हैं। औरंगाबाद में शुक्रवार सुबह 10 बजे से हड़ताल शुरू हुई। दोपहर 1:30 बजे सभी बैंक कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एआईपीएनबीओए के मंडल सचिव रवि कुमार ने कहा कि पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू करना बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांग है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आरबीआई और नाबार्ड में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है, तो कमर्शियल बैंकों में इसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है।
रवि कुमार ने कहा कि बैंक कर्मचारियों पर लगातार काम का दबाव बढ़ रहा है। कर्मचारियों को बिजनेस टारगेट पूरा करने के साथ लंबे समय तक काम करना पड़ता है। ऐसे में कर्मचारियों के लिए बेहतर वर्क लाइफ बैलेंस जरूरी है। बैंक कर्मियों का कहना है कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से उन्हें राहत मिल सकती है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने पीएलआई स्कीम वापस लेने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही सेवा संबंधी मामलों में द्विपक्षीय वार्ता और लंबित मांगों के समाधान की मांग की गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी समेत विभिन्न बैंकों के सैकड़ों अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
बैंक कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं की गई तो 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
बैंक कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से मांगों पर पहल नहीं होने की स्थिति में आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान शाखा प्रबंधक मनीष कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।