औरंगाबाद में कांग्रेस का प्रदर्शन, SIR में गड़बड़ी के आरोप पर ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
औरंगाबाद में कांग्रेस ने SIR में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के बाद रमेश चौक पर CEC का पुतला फूंका।
तस्वीर में औरंगाबाद में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सड़क पर पुतला फूंकते हुए देखा जा सकता है।
औरंगाबाद में सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और नारेबाजी की। कांग्रेस का यह विरोध मार्च राष्ट्रव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया था।
मार्च की शुरुआत समाहरणालय के समीप अनुग्रह नारायण स्मारक परिसर से हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा, जिला प्रभारी एवं पूर्व प्रत्याशी राकेश कुमार पप्पू, पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह और प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे। अनुग्रह स्मारक से निकला मार्च पुरानी जीटी रोड होते हुए रमेश चौक पहुंचा। इसके बाद कार्यकर्ता बाजार होते हुए कारगिल चौक गए और वहां से वापस रमेश चौक लौटे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में मिलेंगे” जैसे नारे लगाए। रमेश चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ की जा रही है। उनका कहना था कि इससे पात्र मतदाताओं के नाम कटने और उन्हें लोकतंत्र में वोट के अधिकार से वंचित होने का खतरा है। नेताओं ने चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की जा रही है।
कांग्रेस ने बिहार, बंगाल समेत विभिन्न राज्यों में हुए चुनावों का हवाला देते हुए “वोट चोरी” का आरोप दोहराया। वहीं, चुनाव आयोग का कहना है कि SIR से जुड़े सभी फैसले आयोग की सामूहिक और कानूनी प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है तथा चुनाव आयोग को इस संबंध में जवाब देना चाहिए।
प्रदर्शन में अजय कुमार सिंह, धर्मेंद्र पासवान, आशुतोष कुमार सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष गायत्री देवी, जिला पार्षद सुरेंद्र यादव, सूरज राय, शैलू दुबे, नरेश यादव, गोलू यादव, नीरज कुमार और भूलन सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। औरंगाबाद में हुआ यह प्रदर्शन SIR और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी विरोध कार्यक्रम का हिस्सा रहा।