तस्वीर में समस्तीपुर के मगरदही घाट के पास नदी किनारे स्थानीय लोगों की भीड़ और प्रशासनिक जांच का दृश्य दिखाई दे रहा है।

समस्तीपुर में नगर थाना क्षेत्र के मगरदही घाट स्थित नदी पर बने पुल से शनिवार को एक व्यक्ति ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुल के आसपास अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान स्थानीय नाविक नदी में उतरे और व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही व्यक्ति द्वारा नदी में छलांग लगाने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

नगर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद मगरदही घाट के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के लिए शव को सदर अस्पताल समस्तीपुर परिसर में ले जाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।