मुंगेर में लगातार दूसरे दिन सर्पदंश से 16 वर्षीय किशोरी की मौत, गांव में दहशत बढ़ी
मुंगेर के दशरथी गांव में शुक्रवार देर रात सांप के डसने से 16 वर्षीय ज्योति भारती की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले सात वर्षीय कोमल कुमारी की भी सर्पदंश से मौत हुई थी। ग्रामीणों में भय का माहौल है।
तस्वीर में मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथी गांव में जमा हुए ग्रामीण नजर आ रहे हैं।
मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथी गांव में सर्पदंश की घटनाओं से ग्रामीणों में भय बढ़ गया है। लगातार दूसरे दिन सांप के डसने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। मृतका की पहचान दशरथी गांव निवासी स्व. अमित भारती की पुत्री ज्योति भारती के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम के साथ भय का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार देर रात ज्योति घर में खाना बनाने के लिए बर्तन लेने गई थी। चूल्हे के पास रखे बर्तन को उठाने के दौरान वहां छिपे जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के डसते ही ज्योति चीख पड़ी। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल मुंगेर लेकर गए।
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद ज्योति को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया गया कि इससे एक दिन पहले इसी गांव में सात वर्षीय कोमल कुमारी की भी सर्पदंश से मौत हुई थी। दो दिनों में सर्पदंश से दो मौतों के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में साफ-सफाई कराने, दवा का छिड़काव कराने और स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लगातार दो दिनों में दो मौतों के बाद दशरथी गांव में सर्पदंश की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।