समस्तीपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे नित्यानंद राय, नाव से बांटी राहत सामग्री
समस्तीपुर के मोहनपुर प्रखंड में नित्यानंद राय ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनीं। नाव से राहत सामग्री बांटी और प्रशासन को त्वरित राहत व GR वितरण में तेजी के निर्देश दिए।
तस्वीर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय (सफेद कुर्ते में) प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ समस्तीपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं।
समस्तीपुर जिले के मोहनपुर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री एवं उजियारपुर लोकसभा सीट के सांसद नित्यानंद राय ने आज स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से की जा रही राहत एवं बचाव व्यवस्था का जायजा लिया।
नित्यानंद राय ने प्रशासन द्वारा संचालित सामुदायिक रसोई, पशु शिविर, मेडिकल कैंप एवं स्वच्छ पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ की स्थिति और प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान मंत्री नाव पर सवार होकर जल-जमाव से घिरे लोगों और टोलों में फंसे लोगों के बीच पहुंचे तथा राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ हर विकट परिस्थिति में खड़ी है। किसी भी परिवार को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
नित्यानंद राय ने जिला प्रशासन को सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों तक त्वरित राहत पहुंचाने और GR वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता समय पर पहुंचाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता राजेश कुमार आपदा प्रबंधन, BDO, अंचलाधिकारी सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, SDRF की टीम एवं कई अन्य वरीय पदाधिकारी मौके पर उपस्थित रहे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण और राहत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए गए।